CG News : छत्तीसगढ़ में घर वापसी का सिलसिला जारी, इतने परिवारों ने फिर अपनाया सनातन धर्म, इस वजह से लिया बड़ा फैसला…..

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में ईसाई धर्म अपना चुके लोगों का सनातन धर्म में वापसी का सिलसिला जारी है। कल भैंसमुंडी में 3 परिवारों के 16 सदस्यों की मूल धर्म में वापसी के बाद आज जामगांव में 4 परिवारों के 14 सदस्यों ने ईसाई धर्म छोड़कर मूल धर्म में वापसी की है। सर्व समाज और गांव के लोगों ने पारंपरिक तरीके से सभी की सनातन धर्म में वापसी करवाई है।
कांकेर में 4 परिवारों की घर वापसी
बताया जा रहा है कि पमार परिवार की एक महिला की मौत के बाद परिवार ने अपने मूल धर्म में वापसी की इच्छा जताई थी, ताकि महिला का अंतिम संस्कार पारंपरिक रीति-रिवाज से किया जा सके। कांकेर जिले में बीते 2 माह से धर्मांतरण के खिलाफ बने माहौल और सर्व समाज द्वारा गांव-गांव में चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के चलते अब तक सैकड़ों की संख्या में ईसाई धर्म अपना चुके लोग अपने मूल धर्म में वापस आ चुके हैं। इनमें अधिकांश लोगों का कहना है कि घर में बीमारी के बाद इलाज का बहाना बनाकर उन्हें ईसाई धर्म में शामिल किया गया था, लेकिन अब उन्हें समझ आ चुका है कि अपने मूल धर्म में रहकर ही वे अपना जीवन बेहतर तरीके से जी सकते हैं।
जामगांव में कमलेश पमार की पत्नी की मौत हो गई थी। उन्होंने अपने पारंपरिक रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार की इच्छा जताई थी। इसके बाद गांव में हुई बैठक के पश्चात कमलेश पमार के अलावा उनके संबंधी रवि पमार, कृष्णा पमार और वीरेंद्र पमार के परिवार के कुल 14 सदस्यों ने अपने मूल धर्म में वापसी की है।



