छत्रपति शिवा जी विद्यालय भटचौरा में वार्षिकोत्सव हुआ संपन्न गांव के बच्चों को भी मिलेगा वैश्विक स्तर का मंच कांग्रेस नेता अरविंद लहरिया का आह्वान पढ़े पूरी ख़बर
मस्तूरी//शिक्षा, संस्कार और प्रतिभा का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब छत्रपति शिवाजी इंग्लिश मीडियम स्कूल भटचौरा का रंगारंग वार्षिकोत्सव उल्लास और भव्यता के साथ आयोजित हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश संयोजक, छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अ.जा.एवं मस्तूरी विधायक के सुपुत्र अरविंद लहरिया की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष ऊंचाई प्रदान की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मंडल अध्यक्ष कांग्रेस देवेंद्र पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे।
शिक्षा ही असली शक्ति है, यही भविष्य की पहचान बनाएगी : अरविंद लहरिया..
अपने ऊर्जावान और प्रेरणादायी संबोधन में अरविंद लहरिया ने कहा कि आज गांव के बच्चे किसी से कम नहीं हैं। सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो यही बच्चे प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। शिक्षा ही वह शक्ति है जो भविष्य को नई पहचान देती है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि मंच पर दिखी आत्मविश्वास और अनुशासन की झलक इस बात का प्रमाण है कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है।
बड़ा सपना देखो,बड़ा मुकाम हासिल करो — लहरिया का युवाओं को प्रेरक संदेश..
अरविंद लहरिया ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे बड़े सपने देखें और उन्हें साकार करने के लिए सतत प्रयास करें। लहरिया ने कहा कि संघर्ष से मत डरिए, मेहनत को आदत बनाइए और अपने माता-पिता व गुरुजनों का नाम रोशन कीजिए। उनके उद्बोधन के दौरान पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
रंगारंग प्रस्तुतियों से सजा सांस्कृतिक मंच..
वार्षिकोत्सव में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक नृत्य,समूह गीत और नाट्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक वेशभूषा और आधुनिक थीम पर आधारित कार्यक्रमों ने समारोह को यादगार बना दिया। विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया, कार्यक्रम में गरिमा और आत्मीयता का समावेश रहा।
अतिथियों ने सराहा विद्यालय का प्रयास..
विशिष्ट अतिथि ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम होते हैं। इस अवसर पर भटचौरा सरपंच पति सुरेश पटेल बहतरा सरपंच सुरेखा राकेश पटेल,मानिकचौरी सरपंच टिकेश्वरी रामायण साहू,लता भानु यादव,हेमलता बंजारे,और नागेश निषाद सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अरविंद लहरिया के नेतृत्व में युवाओं को नई दिशा..
वार्षिकोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य का उत्सव बन गया। अरविंद लहरिया के प्रेरक शब्दों ने बच्चों और अभिभावकों में नई ऊर्जा का संचार किया। भटचौरा के इस भव्य समारोह ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण अंचल में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है जरूरत है तो बस सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की, और यही संदेश देकर अरविंद लहरिया ने कार्यक्रम को अविस्मरणीय बना दिया।

