छत्तीसगढ़

CG -10वीं फेल बना MBBS डाॅक्टर, खुद को पोस्ट ऑफिस का डायरेक्टर बताकर कई युवाओं को लगाया करोड़ों का चूना…ऐसे फूटा चालबाजी का भांडा…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट पुलिस ने 2.34 करोड़ की ठगी का खुलासा किया है। 10वीं फेल आरोपी नरेश मनहर पंडरी समेत कई जगह दफ्तर खोलकर खुद को दिल्ली पोस्ट ऑफिस का डायरेक्टर बताकर 52 बेरोजगारों से करोड़ों की ठगी किया। पुलिस ने जब इस शातिर आरोपी को पकड़ा तो उसके पास से कई ऐसे दस्तावेज मिले जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।

आरोप खुद 10वीं फेल है, इसके बाद भी उसने अपने नाम पर कई फर्जी सर्टिफिकेट बनाए। आरोपी के पास से पुलिस ने महाराष्ट्र मेडिकल काउंसिल मुंबई का फर्जी सर्टिफिकेट जब्त किया है। सर्टिफिकेट में आरोपी को एमबीबीएस बताया गया है। पुलिस जाँच में खुलासा हुआ है कि इन सर्टिफिकेट को आरोपी अपने दफ्तर में लगा कर रखता था, ताकि नौकरी के लिए आवेदन करने पहुंचे युवा आसानी से उसके झांसे में फंस जाए।

पीड़ितों की शिकायत पर सेन्ट्रल जोन पुलिस ने शातिर आरोपी नरेश मनहर, भुनेश्वर बंजारे, हीरा दिवाकर, राकेश रात्रे को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज, मोबाइल, लेपटाॅप, बैंक पासबुक, चेक, कार जब्त की गई है। पूछताछ कर पुलिस आरोपियों के अन्य साथियों की भी तलाश कर रही है।

रायपुर के कई इलाकों में दफ्तर

ठगी के मास्टरमाइंड नरेश मनहर खुद को दिल्ली पोस्ट ऑफिस का डायरेक्टर बताता था। आरोपी ने आमासिवनी, पण्डरी समेत कई इलाकों में फर्जी ऑफिस, फर्जी गुडलग माइक्रो फाइनेंस बैंक, गुडलक हेल्थ सर्विस व गुडलक फुड सर्विस खोला था। आरोपी नरेश मनहर अपने साथी भुनेश्वर बंजारे, हीरा दिवाकर, राकेश रात्रे के साथ मिलकर पोस्ट ऑफिस में नौकरी लगाने का झांसा देता था।

नरेश ने सभी आरोपियों को अलग-अलग काम दिया था। भुनेश्वर बंजारे आवेदकों से पैसा इकट्ठा और फजी नियुक्ति पत्र प्रिंट करता था। वहीं, हीरा दिवाकर व राकेश रात्रे आवेदक से दस्तावेज इकट्ठा करता था।

दिल्ली में पार्टनरशिप पर खोला हाॅस्पिटल

आरोपी नरेश मनहर ने दिल्ली में पार्टनरशिप पर एक हाॅस्पिटल खोला है। अस्पताल होम केयर सर्विस के नाम पर चलाया जा रहा है। पुलिस को संदेह है कि आरोपी ने ठगी के रूपयों से ही हाॅस्पिटल खोला। फिलहाल इस मामले में रायपुर पुलिस जांच कर रही है और आरोपी नरेश मनहर से पूछताछ कर रही है।

जांजगीर जिला में करोड़ों की कोठी

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी ने जांजगीर जिला के बिर्रा के पास करोड़ों की कोठी है। वहीं, आरोपी का पूरा परिवार हरियाणा के जिंद में रहता है।

सारंगढ़ में नकली नोट के प्रकरण में हो चुका गिरफ्तार

सारंगढ़ जिले में नकली नोट मामले में भी तीन साल पहले पुलिस ने नरेश मनहर को पकड़ा था। इस दौरान आरोपी के कब्जे से बड़ी संख्या में नकली नोट बरामद की गई थी।

बता दें कि आरोपी के खिलाफ सारंगढ़, सक्ती, और बालोद में अपराध दर्ज है। सारंगढ़ बालोद जिला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद आरोपी जमानत पर है। वहीं, सक्ती जिला में भी एक अपराध आरोपी के खिलाफ दर्ज है, इस मामले में नरेश मनहर फरार चल रहा है।

अब जानिए पूरा मामला

दरअसल, थाना सिविल लाइन में 17 फरवरी को पीड़ित संजय निराला ने लिखित आवेदन किया था। शिकायत में संजय निराला ने बताया कि नरेश मनहरण खुद को दिल्ली पोस्ट आफिस का डारेक्टर बताकर अपने साथी भुनेश्वर बंजारे, राकेश रात्रे व अन्य के द्वारा पोस्ट आफिस में पोस्ट मास्टर व पोस्ट मेन की नौकरी लगाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी कर 52 लोगों से 2,34,00,000 की धोखाधडी किया।

सिविल लाइन में अपराध दर्ज

पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध 96/2026 धारा 318(4), 335 ,336(2),340(1),340(2), 3 (5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए सेन्ट्रल जोन के डीसीपी उमेश प्रसाद गुप्ता व एडीसीपी तारकेश्वर पटेल द्वारा एसीपी सिविल लाइन रमाकांत साहू को थाना प्रभारी यमन देवागंन व उप. निरीक्षक धिरेन्द्र बंजारे की टीम बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिये।

एसीपी सिविल लाईन व उप. निरीक्षक धिरेन्द्र बंजारे के द्वारा आरोपी के घर व दफ्तर में रेड कार्रवाई की गई, लेकिन आरोपी नहीं मिला। पुलिस की टीम द्वारा घटना के संबंध में पीड़ितों से विस्तृत पूछताछ की गई। ठगी के आरोपियों के संबंध में जानकारी इक‌ट्ठा कर पुलिस टीम द्वारा आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इस दौरान चार आरोपियों को पकड़ा गया।

घटना से सबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण व दस्तावेज जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रहा है। साथ ही घटना संबंधी अन्य लोगों के बारे में पता तलाश की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

01. नरेश मनहर पिता भरत लाल मनहर उम्र 24 साल साकिन-ग्राम ताल देवरी थाना बिर्रा जिला जांजगीर चांपा हाल पता- सेक्टर 08 शिव मंदिर सड्डु रूखमणी शर्मा का मकान थाना पण्डरी जिला रायपुर छ०ग०

02. भुनेश्वर बंजारे पिता गीताराम बंजारे उम्र 26 साल साकिन छुईहा घासीदास चौक के पास थाना बिलाईगढ जिला सारंगढ हाल पता- केनरा बैंक एटीएम के सामने बबली फैसी स्टोर्स गली थाना विधानसभा जिला रायपुर छ०ग०

03. हीरा दिवाकर पिता पारस राम दिवाकर उम्र 31 साल साकिन- ग्राम ताल देवरी थाना बिर्रा जिला जांजगीर चांपा हाल पता- सेक्टर 08 शिव मंदिर सड्डु रूखमणी शर्मा का मकान थाना पण्डरी जिला रायपुर छ०ग०

-04. राकेश रात्रे पिता समारू राम रात्रे उम्र 33 साल साकिन ग्राम ताल देवरी थाना बिर्रा जिला जांजगीर चांपा हाल पता सेक्टर 08 शिव मंदिर सड्डु रूखमणी शर्मा का मकान थाना पण्डरी जिला रायपुर छ०ग०

Related Articles

Back to top button