छत्तीसगढ़

CG – होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं : ड्रोन से रखी जाएगी नजर, गली-मोहल्ले में पुलिस की होगी कड़ी निगरानी…..

रायपुर। रायपुर में होली पर्व के दौरान अगर किसी तरह का हुड़दंग मचाया या फिर नियमों का उल्लंघन किया तो कमिश्नरेट पुलिस कड़ा एक्शन लेगी। होली पर्व पर हुड़दंगियों पर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की पैनी नजर रहेगी।

जिले में होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रायपुर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कमिश्नरेट के तीनों जोन सेन्ट्रल, वेस्ट, नाॅर्थ के क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मोहल्ले, काॅलोनी में इस बार पुलिस की सख्त निगरानी रहेगी। माहौल बिगाड़ने वालों पर ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी।

ड्रोन के माध्यम से छतों, गलियो, बाजार, मोहल्ले और भीड़भाड़ वाले इलाकों में नजर रखी जाएगी। होली त्योहार के दो दिन पहले ही क्षेत्र के थानेदारों ने दुकानदारों और नागरिकों से बातचीत कर आपसी सौहार्द बनाए रखने व शांति व्यवस्था कायम करने की अपील की है। साथ ही आम नागरिकों को उनके क्षेत्र में विवाद होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा है। पुलिस ने युवाओं को चेतावनी दी हैं कि जबरन रंग न लगाएं और नशे में अगर उत्पात मचाया या अफवाह फैलाये तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने कहा कि शांति सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं।

मध्य जोन के एडीसीपी तारकेश्वर पटेल ने एनपीजी न्यूज से बातचीत के दौरान बताया कि रायपुर के संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस बल अभी से तैनात कर दिए गए हैं। क्राइम की टीम सादे कपड़े में भीड़-भाड़ वाले इलाकों में तैनात है। किसी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वालों पर कड़ी नजर रखी गई है, होली त्योहार पर अगर किसी ने भ्रामक पोस्ट किया तो सख्ती से निपटा जाएगा। कानून का खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button