अन्य ख़बरें

UGC एक्ट 2026 के खिलाफ कवर्धा में स्वर्ण समाज का प्रदर्शन, महापंचायत के बाद विशाल रैली,सरकार को दी आर-पार की चेतावनी।

कवर्धा/नए यूजीसी एक्ट 2026 के विरोध में कवर्धा में स्वर्ण समाज का आक्रोश फूट पड़ा। महापंचायत के बाद हजारों लोगों ने विशाल रैली निकालकर जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ तीखा विरोध दर्ज कराया। सभा में करीब 15 समाजों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

महापंचायत में ब्राह्मण, राजपूत, जैन, अग्रवाल, गुप्ता, केसरवानी, माहेश्वरी, सिंधी, सिख सहित कई समाजों के प्रमुखों ने नए यूजीसी एक्ट को स्वर्ण समाज के विद्यार्थियों के अधिकारों पर सीधा हमला बताया। वक्ताओं ने कहा कि यह कानून सामान्य वर्ग के बच्चों को शिक्षा से दूर करने वाला और समाज को बांटने की साजिश है।

सभा में वक्ताओं ने केंद्र सरकार पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह कानून सनातन समाज को तोड़ने, भाई को भाई से लड़ाने और देश में वैमनस्य फैलाने वाला काला कानून है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तुरंत यह फैसला वापस नहीं लिया तो पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा और इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।

महापंचायत के बाद कवर्धा गांधी मैदान से सिग्नल चौक तक निकली विशाल रैली में लोगों का गुस्सा साफ नजर आया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर UGC कानून वापस लो,आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करो, सामान्य वर्ग के साथ भेदभाव बंद करो जैसे नारे लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।

विरोध प्रदर्शन में कवर्धा, पंडरिया, सहसपुर लोहारा और बोड़ला ब्लॉक से भारी संख्या में लोग पहुंचे।स्थिति को देखते हुए शहर में पुलिस और प्रशासन को अलर्ट रहना पड़ा और जगह-जगह सुरक्षा बल तैनात किए गए।

रैली के समापन पर स्वर्ण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए नए यूजीसी एक्ट 2026 को तत्काल निरस्त करने की मांग की। ज्ञापन में साफ चेतावनी दी गई कि यदि मांग नहीं मानी गई तो आंदोलन जिले से निकलकर प्रदेश और देशभर में फैलाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button