छत्तीसगढ़

56 दिन बाद चर्चित सत्यमदास मानिकपुरी हत्याकांड का खुलासा, ब्लैकमेल से तंग आकर नाबालिग ने की थी हत्या।

कवर्धा/लगभग 56 दिनों तक चली गहन जांच के बाद कबीरधाम पुलिस ने बहुचर्चित सत्यमदास मानिकपुरी हत्याकांड का खुलासा कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक द्वारा अप्राकृतिक संबंध बनाने को लेकर विधि से संघर्षरत नाबालिग बालक को लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था, जिससे परेशान होकर नाबालिग ने चाकू मारकर हत्या कर दी।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 17 जनवरी 2026 को थाना कवर्धा क्षेत्र अंतर्गत लालपुर नर्सरी के पीछे सड़क पर एक युवक का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच में युवक के गले में चाकू से वार कर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।

जांच के दौरान मृतक की पहचान सत्यमदास मानिकपुरी पिता नामदास मानिकपुरी उम्र 27 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 26 घोठिया रोड कवर्धा के रूप में हुई। मृतक पेशे से डांस शिक्षक था और पांडातराई क्षेत्र के एक निजी स्कूल में बच्चों को डांस सिखाता था। मामले में थाना कवर्धा में अपराध क्रमांक 30/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

50 हजार मोबाइल नंबर और 500 CCTV फुटेज खंगाले

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हर संभावित एंगल से जांच की। करीब 50 हजार से अधिक मोबाइल नंबरों के कॉल डाटा का विश्लेषण किया गया और 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज एकत्र कर बारीकी से जांचे गए।

मृतक के मित्रों, परिचितों और आसपास के 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई, जबकि 40 से 50 संदिग्ध व्यक्तियों को थाने लाकर पूछताछ की गई।

सोशल मीडिया जांच से मिला बड़ा सुराग

तकनीकी जांच के दौरान पुलिस ने एथिकल हैकिंग तकनीक की सहायता से मृतक के इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया अकाउंट का परीक्षण किया, जिससे जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिली।

मामले में सुराग देने वाले के लिए पुलिस अधीक्षक कबीरधाम द्वारा ₹10,000 इनाम की घोषणा भी की गई थी।

नाबालिग से थे संबंध, बाद में शुरू हुआ विवाद

जांच में सामने आया कि मृतक और विधि से संघर्षरत नाबालिग बालक के बीच करीब तीन माह से पहचान थी और दोनों के बीच अप्राकृतिक संबंध बने थे। बाद में विवाद होने पर मृतक नाबालिग को बार-बार संबंध बनाने के लिए ब्लैकमेल कर रहा था।

व्हाट्सएप कॉल कर बुलाया, पहले से लेकर गया था चाकू

पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि घटना वाले दिन उसने मृतक को व्हाट्सएप कॉल कर बुलाया। दोनों स्कूटी से लालपुर नर्सरी के पीछे पहुंचे, जहां उसने पहले से लाए चाकू से मृतक के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

मोबाइल नदी में फेंका, कपड़े गांव में छिपाए

घटना के बाद नाबालिग ने मृतक का मोबाइल और सिम नदी में अलग-अलग स्थान पर फेंक दिया। निशानदेही पर मोबाइल बरामद कर लिया गया है, जबकि सिम की तलाश जारी है।

घटना में प्रयुक्त स्कूटी जब्त कर ली गई है तथा खून से सने कपड़े उसके पैतृक गांव से बरामद किए गए हैं। चाकू पहले ही पुलिस द्वारा जब्त किया जा चुका है।

मोबाइल सर्च हिस्ट्री से चौंकाने वाले खुलासे

नाबालिग के मोबाइल की जांच में सामने आया कि उसने इंटरनेट पर अपराध के बाद बचने के तरीके, मोबाइल ट्रैकिंग से बचाव, मनोविज्ञान, डर का पैटर्न, साइकॉलोजिकल थ्रिलर, साउंडप्रूफ कमरा, मानसिक तनाव, सेल्फ हार्म और सोशल मीडिया से जुड़े विषयों पर सर्च किया था।

पुलिस ने उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों और परिस्थितिजन्य प्रमाणों के आधार पर विधि से संघर्षरत नाबालिग बालक को अभिरक्षा में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button