भोरमदेव कॉरिडोर निर्माण की उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की मैराथन समीक्षा, ठेकेदारों को काम पूरा करने 1साल की टाइमलाइन,निगरानी के लिए जिला स्तरीय समिति गठित, हर सोमवार देनी होगी प्रोग्रेस रिपोर्ट, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई।

कवर्धा/ छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज भोरमदेव मंदिर परिसर में प्रस्तावित भोरमदेव कॉरिडोर निर्माण कार्यों की मैराथन समीक्षा बैठक ली। बैठक में निर्माण से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों, इंजीनियरों तथा ठेकेदारों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली गई।
समीक्षा के दौरान मुख्य मंदिर परिसर के उन्नयन, सरोवर के सौंदर्यीकरण, मड़वा महल, छेरकी महल,रामचुवा, सरोदा,पार्किंग सहित विभिन्न स्थलों पर चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सभी कार्य गुणवत्ता और समय सीमा के आधार पर परखे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तरीय निगरानी समिति गठित की गई है। सभी ठेकेदारों को 15-15 दिन की कार्ययोजना देने के निर्देश दिए गए हैं तथा समिति को हर सोमवार स्थल निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट देने को कहा गया है। निर्माण स्थल पर प्रोजेक्ट इंचार्ज और इंजीनियर की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बैठने के लिए पेड़ों के आसपास चबूतरे बनाने, प्रवेश द्वारों और खंभों में नागवंशी स्थापत्य शैली की झलक दिखाने तथा लकड़ी के दरवाजों में पारंपरिक नक्काशी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य प्रवेश द्वार सहित सभी द्वारों को भव्य स्वरूप में तैयार करने पर जोर दिया।
सरोवर क्षेत्र में पिचिंग और लाइनिंग का काम तकनीकी गुणवत्ता के साथ करने, तट पर सीढ़ियां एवं शेड बनाने, आकर्षक स्ट्रीट लाइट लगाने तथा श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। मंदिर परिसर में बनने वाले विश्राम स्थल में पर्याप्त रोशनी और हवा के लिए उपयुक्त डिजाइन रखने तथा स्थानीय लोक संस्कृति से जुड़ी कलाकृतियां लगाने के निर्देश दिए गए।
पार्किंग स्थल में पर्याप्त जगह, मजबूत फ्लोरिंग,व्यवस्थित प्रवेश-निकासी, दुकानों का सुव्यवस्थित निर्माण,पेयजल और शौचालय जैसी जनसुविधाओं की विशेष व्यवस्था करने को कहा गया।
मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुवा तथा सरोदा डैम क्षेत्र में प्रवेश द्वार, बाउंड्री वाल,कलाकृतियां, कैफेटेरिया, सीढ़ियां, व्यू-प्वाइंट और सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा तय समय में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर,जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



