छत्तीसगढ़

CG – बेटा करता था शादीशुदा महिला से प्यार, नाराज होकर पिता ने रची खौफनाक साजिश, मामले का खुलासा हुआ तो उड़ गए पुलिस के भी होश…..

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में पुलिस ने बोड़ला थाना अंतर्गत रानीदहरा जलप्रपात में मिली एक अज्ञात महिला की लाश की गुत्थी सुलझा ली है। यह मामला शुरू में एक अंधे कत्ल की तरह लग रहा था, लेकिन पुलिस की बारीकी से की गई जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। महिला की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके ही प्रेमी ने अपने पिता और दोस्त के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका पहले से शादीशुदा थी और उसके दो बच्चे भी थे। वह आरोपी देवेन्द्र जायसवाल के साथ पिछले 3 सालों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। चूंकि दोनों अलग-अलग समाज से थे, इसलिए देवेन्द्र का पिता केशव जायसवाल इस रिश्ते से बेहद नाराज था और लगातार विरोध कर रहा था। इसी नाराजगी के चलते पिता-पुत्र ने महिला को रास्ते से हटाने की साजिश रची। प्रेमी देवेन्द्र अपनी प्रेमिका को पिकनिक मनाने के बहाने रानीदहरा जलप्रपात ले गया। वहां पहले से मौजूद देवेन्द्र के पिता और उसके दोस्त मनोज पटेल ने मिलकर महिला पर हमला कर दिया। तीनों ने पत्थर से सिर कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और पहचान छिपाने व सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को भारी पत्थर से बांधकर जलप्रपात के गहरे पानी में फेंक दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। इसके बाद कवर्धा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए तीनों आरोपी मुंगेली जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें रिमांड पर जेल भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button