छत्तीसगढ़

पीएम आवास निर्माण में देश में नंबर-1 बना छत्तीसगढ़,उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जताया हर्ष, पक्के घरों के साथ आजीविका, सम्मान और आत्मनिर्भरता का भी सपना हो रहा साकार।

रायपुर/छत्तीसगढ़ ने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। राज्य ने सर्वाधिक आवास निर्माण पूर्ण कर न केवल अपनी अलग पहचान बनाई है, बल्कि मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्यों को भी पीछे छोड़ दिया है। इस उल्लेखनीय सफलता पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने हर्ष व्यक्त करते हुए प्रदेशवासियों और हितग्राहियों को बधाई दी।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते छत्तीसगढ़ ने ‘एसएनए स्पर्श’ के माध्यम से देश में सर्वाधिक व्यय कर उत्कृष्ट वित्तीय प्रबंधन का उदाहरण भी प्रस्तुत किया है। वर्ष 2016 में योजना की शुरुआत के बाद पहली बार किसी एक वित्तीय वर्ष में सर्वाधिक आवास निर्माण का रिकॉर्ड दर्ज किया गया है।

उन्होंने कहा कि आवास से आजीविका के अभिनव मॉडल ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी है। निर्माण सामग्री की आपूर्ति से हजारों महिलाओं को रोजगार मिला है, जिसमें 9000 से अधिक बिहान दीदियाँ “लखपति दीदी” बनकर आत्मनिर्भरता की मिसाल बन चुकी हैं।

इस वर्ष 6000 से अधिक राजमिस्त्रियों को आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया, जो देश में सर्वाधिक है। खास बात यह है कि इनमें 1400 महिलाएँ और 400 से अधिक आत्मसमर्पित नक्सली भी शामिल हैं, जो मुख्यधारा में जुड़कर विकास की नई कहानी लिख रहे हैं।

महात्मा गांधी नरेगा के तहत हितग्राहियों को स्थायी आजीविका से जोड़ने के लिए बड़े पैमाने पर व्यक्तिगत कार्य भी कराए गए हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण विकास और गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश आगे भी इसी गति और प्रतिबद्धता के साथ विकास की नई ऊँचाइयों को छुएगा।

Related Articles

Back to top button