CG पति-पत्नी की हत्या : डबल मर्डर से फिर दहला इलाका, घर में घुसकर धारदार हथियार से पति-पत्नी को उतारा मौत के घाट, खून से लथ पथ मिली लाश, मचा हड़कंप…..

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ जांजगीर-चांपा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। जहां चोरी की नीयत से घर में घुसे आरोपियों ने दंपति की गला रेतकर हत्या कर दी और 70 से 80 हजार रुपए के गहने लेकर फरार हो गए। आरोपी अपनी पहचान छिपाने के लिए मुखौटा और नकली बाल लगाकर पहुंचे थे। दंपति का बेटा बुधवार सुबह जब घर आया, तो हत्या का खुलासा हुआ। यह पूरा मामला मुलमुला थाना क्षेत्र का है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, मृतक दंपति की पहचान संतराम साहू (62) श्याम बाई साहू (62) के रूप में हुई है, जो कि खपरी गांव में रहते थे। उनके दो बेटे अपने परिवार के साथ अलग रहते हैं। संतराम खेती किसानी के साथ ही पान की दुकान भी चलाता था। बुधवार सुबह जब दंपति का बड़ा बेटा हरिशंकर साहू खेत में छिड़काव के लिए दवाई लेने पहुंचा, तो माता-पिता की खून से लथपथ लाश देखकर उसके पैरों तले से जमीन ही खिसक गई।
इसके बाद उसने इसकी जानकारी पड़ोसियों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंची। शुरुआती जांच में खून से सने पैरों के निशान और दंपती के गले पर धारदार हथियार से हमला करने के निशान मिले हैं। इसके अलावा मौके से होली का मुखौटा और नकली बाल भी बरामद किया गया है। महिला के गले और घर से गहने गायब मिले। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि लूट के इरादे से घर में घुसे आरोपियों ने हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया है।
जांजगीर चांपा पुलिस अधीक्षक (SP) विजय कुमार पांडे का इस मामले में कहना है कि दंपति परिवार से अलग रहता था। अज्ञात आरोपियों ने चाकू से गला रेतकर पति-पत्नी का मर्डर किया है। महिला के गले से हार गायब है। पुलिस मामले की सभी एंगल से जांच कर रही है।



