CG – अंधविश्वास का काला जाल : जादू-टोने के शक में पड़ोसी ने पत्थर से कुचल दिया महिला का सिर, सामने आई चौंकाने वाली वजह……

गौरेला पेंड्रा मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला पेंड्रा मरवाही से हत्या का सनसनी खेज मामला सामने आया है। जहां जादू टोने के शक में महिला की हत्या कर दी गई है। सोमवार सुबह पड़ोसी ने अपने परिजनों के साथ मिलकर महिला के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह पूरा मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान कौशल्या के रूप में हुई है, जो कि खरड़ी गांव में रहती थी। सोमवार सुबह जब परिजन उसके घर पहुंचे, तो कौशल्या का खून से लथपथ शव आंगन में पड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कौशल्या के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी।
जांच के बाद पुलिस को पता चला कि मृतका के पड़ोसी धीरपाल (50) के बेटे की कुछ महीने पहले बीमारी से मौत हो गई थी। तब धीरपाल ने कौशल्या पर जादू टोने की आशंका जताई थी। इसी को लेकर वह खुन्नस पाले हुए था। सोमवार को जब कौशल्या घर पर अकेली थी, तभी धीरपाल अपने दो परिजनों के साथ घुस आया और कौशल्या के सिर पर पत्थर से एक के बाद एक कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
गौरेला पेंड्रा मरवाही CSP अविनाश कुमार मिश्रा का इस मामले में कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले धीरपाल पर शक जताया था। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। मुख्य आरोपी सहित तीनों आरोपियों के खिलाफ अलग अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



