CG – एक और सिरफिरे युवक का हाईवोल्टेज ड्रामा, मोबाइल टावर पर चढ़ा, पत्नी से बिछड़ने के गम में उठाया ये कदम…..

जगदलपुर। शहर के धरमपुरा रोड पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। यह घटना धरमपुरा स्थित विशाल मेगामार्ट के पास की बताई जा रही है, जहां दीपक विश्वकर्मा नाम का युवक अचानक टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक अपनी पत्नी को ससुराल पक्ष द्वारा अपने पास रखने और उससे मिलने नहीं देने की बात से नाराज था। इसी नाराजगी के चलते उसने यह कदम उठाया और टावर पर चढ़कर विरोध जताने लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर मौजूद एसडीआरएफ, बोधघाट और कोतवाली पुलिस की टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। काफी देर तक समझाइश और बातचीत का दौर चलता रहा। अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और परिजनों ने संयम के साथ युवक को शांत करने की कोशिश की।
करीब 1 घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार युवक समझाइश के बाद सुरक्षित नीचे उतर आया, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।नीचे उतरने के बाद युवक को बोधघाट थाने ले जाया गया, जहां पुलिस द्वारा उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



