CG – आईपीएल सट्टा रैकेट का पर्दाफाश, ऑनलाइन जल बेनकाब, रंगे हाथ दबोच गए दो आरोपी…..

धमतरी। अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने आईपीएल सट्टा रैकेट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुरूद क्षेत्र में सक्रिय एक ऑनलाइन नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन और एक कार सहित कुल 5 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है। मामला कुरूद थाना क्षेत्र का है।
यह पूरा नेटवर्क BLISSEXCH एप के माध्यम से संचालित किया जा रहा था, जिसके जरिए आईपीएल मैचों पर हार-जीत का अवैध दांव लगाया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह द्वारा समीक्षा बैठक में सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत जुआ और सट्टा जैसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के पालन में जिलेभर में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी और अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बीएसएनएल ऑफिस कुरूद के पास दो व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा एप के जरिए अवैध गतिविधि संचालित कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी और दोनों आरोपियों को मौके से रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी मोबाइल फोन पर BLISSEXCH एप के माध्यम से सट्टा खेलते हुए पाए गए।
जब्त सामग्री
02 मोबाइल फोन एवं 01 आईफोन (कुल कीमत लगभग 85,000),नगद राशि 20,500, 01 सफेद रंग की अर्टिका कार (क्रमांक CG-05 AP-8457, कीमत लगभग4,00,000)
कुल जब्त संपत्ति: 5,05,500
इस मामले में थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 109/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 एवं बीएनएस की धारा 112, 3(5) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।
1. जीवन यादव (40 वर्ष), निवासी पुराना बस स्टैंड, कुरूद, जिला धमतरी
2. कौशल साहू (31 वर्ष), निवासी कारगिल चौक, कुरूद, जिला धमतरी
जिले में लगातार कार्रवाई
धमतरी पुलिस ने बताया कि बीते कुछ दिनों से अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। केवल पांच दिन पूर्व सिटी कोतवाली पुलिस ने सिहावा चौक में दबिश देकर पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया था, जिनके पास से 83,000 नकद बरामद हुआ था।
इसके अलावा कोतवाली क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर छह मामलों में छह व्यक्तियों के खिलाफ सट्टा संचालन के आरोप में कार्रवाई की गई, जिसमें कुल 1,39,660 नकद और मोबाइल फोन जब्त किए गए।



