CG – हद हो गई…. पालतू तोते को पकड़ने बुलाई फायर ब्रिगेड की टीम, हजारों लीटर पानी की हुई बर्बादी…पढ़िए क्या है पूरी खबर…..

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से सरकारी संसाधनों के कथित दुरुपयोग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पालतू तोते को पकड़ने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी बुलाया गया और हजारों लीटर पानी की बौछार की गई। जिसके बाद प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला OBC बॉयज हॉस्टल परिसर के पास का है, जहां कहीं से उड़कर एक पालतू तोता एक पेड़ पर आकर बैठ गया और लंबे समय तक वहीं बैठा रहा। बताया जा रहा है कि तोता किसी बड़े प्रशासनिक अधिकारी का था, जिसे नीचे उतारने के लिए फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने पेड़ पर पानी की तेज बौछार की, ताकि तोते को नीचे उतारा जा सके। इस दौरान बड़ी मात्रा में पानी का उपयोग किया गया, जिसके बाद तोता पेड़ से उतरकर भवन की छत पर आ गया, जहां उसे पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि जिस दमकल वाहन से पानी का बौछार किया गया, वह नगर सेना का था।
घटना के बाद लोग फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवा के दुरुपयोग पर सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह सेवा आग, दुर्घटना और आपदा जैसी गंभीर परिस्थितियों के लिए होती है, न कि इस तरह के किसी अधिकारी के निजी मामलों के लिए। भीषण गर्मी और जल संकट के समय इस तरह पानी का उपयोग बेहद गलत है।



