CG- मैट्रिमोनियल साइट पर जाल: खुद को रेलवे JE बताकर युवती से दुष्कर्म, शादी से मुकरा आरोपी गिरफ्तार….

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी का युवती से मैट्रिमोनियल साइट पर परिचय हुआ था, फिर शादी का झांसा देकर लगातार दुष्कर्म करता रहा। इतना ही नहीं पीड़िता को अपने जाल में फंसाने के लिए आरोपी ने खुद को रेलवे में जेई बताया था। आरोपी का नाम लखन कुमार पटनायक (37 वर्ष) निवासी भिलाईनगर जिला दुर्ग है।
जानिए पूरा मामला
बीते 23 अप्रैल को 33 वर्षीय युवती ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2023 में मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से उसकी पहचान आरोपी लखन कुमार पटनायक से हुई थी। आरोपी ने खुद को रेलवे में जेई बताया था। दोनों के बीच परिचय के बाद बातचीत बढ़ी और आरोपी लगातार विवाह का आश्वासन दिया। पीड़िता के अनुसार 14 दिसंबर 2025 को आरोपी तमनार स्थित उसके घर पहुंचा, जहां परिजनों के बाहर होने का फायदा उठाकर शादी करने का झांसा देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद भी आरोपी विवाह का प्रलोभन देकर लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा।
कोर्ट मैरिज के लिए आवेदन
परिजनों ने सगाई और विवाह की बात आगे बढ़ाई तो आरोपी टालमटोल करने लगा और बाद में सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह से इंकार करते हुए कोर्ट मैरिज की बात कही। मार्च 2026 में कोर्ट मैरिज के लिए आवेदन भी दिया था, लेकिन इसके बाद आरोपी ने संपर्क खत्म कर दिया और बाद में शादी से इंकार कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव द्वारा अपराध क्रमांक 82/2026 धारा 69 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को पकड़ने के लिए थाना प्रभारी ने टीम गठित की। इस दौरान पुलिस को आरोपी का लोकेशन रायपुर मिला, जिसके बाद टीम ने आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश व ASP अनिल सोनी, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्दांत तिवारी के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव, महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत, हेम प्रकाश सोन, आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार व अतुल सिदार ने यह कार्रवाई की।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा “पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लिया गया। शादी का झांसा देकर विश्वास तोड़ने वालों को किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। ऐसे अपराधियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”



