मातृ दिवस पर ब्रह्माकुमारीज़ धमतरी द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित…सुखी परिवार की आधारशिला है माँ की ममता और संस्कार…

धमतरी… मातृ दिवस के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ धमतरी द्वारा “सुखी परिवार की आधारशिला” विषय पर एक प्रेरणादायी एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन दिव्यधाम परिसर में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृत्व के महत्व, परिवार निर्माण में माँ की भूमिका एवं संस्कारयुक्त समाज के निर्माण में महिलाओं के योगदान को रेखांकित करना रहा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि माँ केवल एक शब्द नहीं, बल्कि त्याग, प्रेम, करुणा और संस्कारों की जीवंत प्रतिमा होती है। माँ वह छाया है जो हर परिस्थिति में अपने परिवार के साथ खड़ी रहती है और अपने स्नेह एवं ममता से पूरे परिवार को एक सूत्र में बांधकर रखती है। एक सुखी, संस्कारी और समृद्ध परिवार की नींव माँ के संस्कारों एवं उसके त्याग पर ही टिकी होती है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिक निगम धमतरी की सभापति श्रीमती कौशल्या देवांगन उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में मातृ शक्ति को समाज की सबसे बड़ी प्रेरणा बताते हुए कहा कि माँ के संस्कार ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करते हैं। उन्होंने सभी माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए परिवार एवं समाज में महिलाओं की भूमिका को अतुलनीय बताया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित SDOP कुरूद जिला धमतरी श्रीमती रागिनी मिश्रा ने कहा कि एक माँ अपने बच्चों को केवल जन्म ही नहीं देती, बल्कि उन्हें जीवन जीने की सही दिशा भी देती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में परिवारों को मजबूत बनाने के लिए मातृ शक्ति का सम्मान एवं उनके मूल्यों को अपनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम में पूर्व प्राचार्य मेनोनाइट सीनियर सेकेंडरी हायर स्कूल धमतरी श्रीमती हरख़िमरन कौर खालसा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि माँ के स्नेह और अनुशासन से ही समाज में अच्छे नागरिकों का निर्माण होता है। उन्होंने मातृ शक्ति को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सरिता दीदी जी, संचालिका जिला धमतरी ने राजयोग एवं आध्यात्मिक मूल्यों के माध्यम से परिवारों में प्रेम, शांति और संस्कारों को बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जब परिवार में माँ मानसिक रूप से सशक्त और सकारात्मक होती है, तब पूरा परिवार सुखी एवं समृद्ध बनता है।
कार्यक्रम के दौरान मातृ शक्ति के सम्मान में विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्होंने उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया। आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रही।
यह आयोजन महिला प्रभाग, RERF एवं ब्रह्माकुमारीज़ धमतरी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में कामिनी कौशिक सहित अतिथियों एवं उपस्थित मातृ शक्तियों का सम्मान कर उन्हें मातृ दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।