सुशासन तिहार 2026: बेलरगांव में ग्रामीणों की उमड़ी भीड़, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क मुद्दों की गूंज,कई मांगों पर मिला आश्वासन..

धमतरी छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जिले के नगरी विकासखंड के ग्राम पंचायत बेलरगांव में शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी मांग एवं शिकायत संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए तथा विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही निराकरण किया गया…
विकासखंड नगरी के ग्राम पंचायत बेलरगांव में आयोजित समाधान शिविर में 12 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया। शिविर में कुल 393 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सभी मांग संबंधी आवेदन थे। इनमें से 381 मांगों का मौके पर ही निराकरण किया गया… साथ ही 12 लंबित आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया है
शिविर में प्रमुख मांगें: बेलर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 108 एंबुलेंस की स्थायी उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल अस्पताल में उन्नयन किए जाने की मांग भी जोरशोर से उठाई गई। ग्रामीणों का कहना था कि गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए नगरी अस्पताल ले जाना पड़ता है, जिससे कई बार मरीज सही समय में नहीं पहुंचने के कारण परेशानी और भी बढ़ जाती है…
शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी ग्रामीणों में नाराजगी दिखाई दी। बेलर हायर सेकंडरी स्कूल में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग करते हुए ग्रामीणों ने कहा कि पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा क्षेत्र की जर्जर सड़कों, अधूरे मार्ग निर्माण और मरम्मत कार्यों को जल्द पूरा करने की मांग भी शिविर में प्रमुख रूप से उठाई गई।
हालांकि कई मांगों पर अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया गया, लेकिन ग्रामीणों को हर बार की तरह केवल आश्वासन मिलने पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना था कि वर्षों से एक ही समस्याएं उठाई जा रही हैं, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है…
शिविर में बेलरगांव, भुरसीडोंगरी, हिर्रीडीह, गढ़डोंगरी, बरबांधा, घुरावंड, आमगांव, नवागांव, कसपुर, जैतपुरी एवं कट्टीगांव सहित विभिन्न पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे…
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जनपद सदस्यगण, पूर्व विधायक श्री श्रवण मरकाम, विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की…शिविर का निरीक्षण अनुविभागीय अधिकारी प्रीति दुर्लभ, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित साहू, तहसीलदार अखिलेश देशलहरे तथा नोडल अधिकारी श्री एन.के. साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा किया गया।