CG – फिर मिली चांदी ही चांदी : कार में मिली 95 किलो चांदी और 760 मोबाइल, लाखों का सामान देख पुलिस के उड़े होश, 5 आरोपी गिरफ्तार…..

सरगुजा। वाहन चेकिंग के दौरान अंबिकापुर पुलिस ने ओमनी कार अवैध रूप से ले जा रहे 760 मोबाइल फोन और करीब 95 किलो चांदी बरामद किया है। इसके साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 110 नग स्मार्टफोन, 650 नग कीपैड मोबाइल, 95.500 किलोग्राम चांदी की पायल और एक ओमनी कार जब्त की गई है। जब्त सामान की कीमत लाखों में बताई जा रही है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी इन मोबाइल फोन का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड और ठगी के मामलों में किया करते थे। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और विभिन्न राज्यों में ठगी की वारदातों को अंजाम देता था।
गिरफ्तार किए गए सभी पांच आरोपी पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मोबाइल और चांदी कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



