धमतरी

CG – दो पत्नियों के विवाद में टॉवर पर चढ़ा युवक, पुलिस-परिजन करते रहे समझाइश…!

धमतरी जिले के भेंड्रा गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया। टॉवर पर युवक को चढ़ा देख वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही भखारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश शुरू की गई।

जानकारी के मुताबिक, भेंड्रा निवासी यादराम साहू एक दिन पहले भी हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ गया था और घंटों तक वहां बैठा रहा। समझाइश के बाद वह नीचे उतर आया था, लेकिन शुक्रवार को फिर से उसी टॉवर पर चढ़ जाने से गांव में दहशत का माहौल बन गया।

बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में था। घटना की सूचना मिलते ही उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए और लगातार उसे नीचे उतरने के लिए मनाने का प्रयास करते रहे। ऊंचाई अधिक होने के कारण युवक से बातचीत करने में पुलिस और ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों के अनुसार, युवक की दो पत्नियां हैं और वह दोनों को एक ही घर में साथ रखना चाहता है। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। माना जा रहा है कि पारिवारिक तनाव के चलते युवक ने यह कदम उठाया। हालांकि युवक के टॉवर पर चढ़ने की असली वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पुलिस और परिजनों की समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास लगातार जारी रहे। युवक को नीचे उतारने के बाद स्वास्थ्य परीक्षण के लिए अस्पताल भेजने की तैयारी की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button