CG- पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस.सिंहदेव दी भूख हड़ताल की चेतावनी! इस वजह से हुए नाराज, जाने क्या है पूरा मामला……

सूरजपुर। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस.सिंहदेव ने पुलिस प्रशासन पर अड़ियल रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दे दी है। उन्होेने कहा कि….यदि शाम 6 बजे तक उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो वे भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे। टी.एस.बाबा के इस बयान के बाद एक बार फिर सूबे की राजनीति गरमा गयी है।
गौैरतलब है कि सूरजपुर जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन पर नगर पंचायत चुनाव के दौरान हुए विवाद के बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया था। कांग्रेस इस कार्रवाई को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बता रही है और थाने में दर्ज उक्त प्रकरण को निरस्त करने की मांग कर रही है। इसी मांग को लेकर 25 मई को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी विश्रामपुर थाने पहुंचे थे। आरोप है कि पुलिस ने उनकी मांगों को अनसुना कर दिया। जिसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने थाने के सामने ही अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस.सिंहदेव ने स्पष्ट किया कि…..यदि आज शाम 6 बजें तक उनकी मांगो पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो वे भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे। सिंहदेव ने कहा कि…..मंगलवार को वे सूर्यास्त तक उपवास रखते हैं और यदि सूर्यास्त तक प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया, तो वे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे।


