छत्तीसगढ़

CG – जीवन साथी डॉट कॉम पर की दोस्ती, चिकन खाने दिल्ली से पहुंचा रायपुर, महिला के खाने में डाला नशीला पदार्थ, फिर जो हुआ….सुनकर उड़ जाएंगे होश……

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में महिला को नशीला पदार्थ खिलाकर घर में ज्वेलरी चोरी करने वाले मुख्य आरोपी समेत दो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिन्होंने मेट्रोमोनियल साइट जीवनसाथी डॉट कॉम के जरिए महिला से दोस्ती कर उसे नशीला पदार्थ खिलाकर ठगी का शिकार बनाया था। आरोपी उसके घर से लाखों के गहने लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 57,000 रूपये नगद, 02 तोला सोने का जेवर, 01 नग चांदी का ब्रेसलेट और 05 मोबाईल जब्त किया है।

जानिए क्या है पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, खम्हारडीह में रहने वाली पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि लगभग 4 महीने पहले उसकी पहचान जीवन साथी डॉट कॉम पर अभिनव सिंह से हुई थी। 15 मई को अभिनव ने उसे फोन किया और उसके जन्मदिन की पार्टी मनाने के बहाने उसके घर आने की इच्छा जताई। दोपहर करीब 1 बजे वह पीड़िता के घर पहुंचा।

इसके बाद दोनों ने साथ में खाना खाया, लेकिन अभिनव ने कहा कि चिकन ठीक से पका नहीं है। उसने किचन में जाकर चिकन को दोबारा पकाया और इसी दौरान उसमें कोई नशीला पदार्थ मिला दिया। नशीला चिकन खाने के कुछ ही देर बाद पीड़िता बेसुध होकर गिर पड़ी। शाम 6 बजे जब उसकी रूम पार्टनर घर लौटी तो उसने पीड़िता को उठाने की कोशिश की, लेकिन वह होश में नहीं आई।

अगले दिन 16 मई की सुबह जब पीड़िता को होश आया, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसके गले की सोने की चैन और उंगलियों से दो सोने की अंगूठियां गायब थीं। जब उसने शक के आधार पर आलमारी के लॉकर के लॉकर को चेक किया, तो वहां रखे सोने और चांदी के अन्य जेवरात भी गायब थे। अभिनव सिंह भी घर से गायब था और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। इसके बाद पीड़िता ने तुरंत खम्हारडीह थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) और 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने जीवनसाथी डॉट कॉम की प्रोफाइल और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण (साइबर ट्रैकिंग) किया। तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए मुख्य आरोपी के साथी हितिन नरूला को उत्तराखंड के हरिद्वार से गिरफ्तार किया। हितिन से मिली कड़ाई से पूछताछ के बाद पुलिस टीम ने दिल्ली के पहाड़गंज में दबिश देकर मुख्य आरोपी अभिनव सिंह उर्फ पहलवान को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दोनों दोस्त हैं और सोची-समझी साजिश के तहत रायपुर आए थे। वारदात के वक्त हितिन नरूला रेलवे स्टेशन पर ही रुका हुआ था और रायपुर के रास्तों की रेकी कर रहा था, जबकि अभिनव सिंह युवती के घर गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद अभिनव सीधे स्टेशन पहुंचा और दोनों ट्रेन पकड़कर राज्य से फरार हो गए।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से 57,000 रूपये नगद, 02 तोला सोने का जेवर, 01 नग चांदी का ब्रेसलेट और 05 मोबाईल फोन जब्त किया है। पकड़ा गया मुख्य आरोपी अभिनव सिंह उर्फ पहलवान एक शातिर और आदतन अपराधी है। वह इससे पहले वर्ष 2024 में दिल्ली के अशोक विहार थाने और इसी साल 2026 में दिल्ली के पार्लियामेंट हाउस थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी और चोरी के मामलों में तिहाड़ जेल जा चुका है। इसके अलावा वह उत्तराखंड के लक्ष्मणझूला थाने से वाहन चोरी के मामले में भी जेल की हवा खा चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button