छत्तीसगढ़

CG – 07 जून को निकलेगी जनजागरण साइकिल रैली, स्वास्थ्य, पर्यावरण और जागरूकता का देगी संदेश…

07 जून को निकलेगी जनजागरण साइकिल रैली, स्वास्थ्य, पर्यावरण और जागरूकता का देगी संदेश

जगदलपुर। कलेक्टर बस्तर की पहल एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के मार्गदर्शन में आगामी 07 जून 2026, रविवार को प्रातः 7:00 बजे विशाल जनजागरण साइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य नागरिकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना तथा दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को प्रोत्साहित करना है।

रैली का शुभारंभ लालबाग मैदान से होगा। इसके पश्चात प्रतिभागी कोतवाली चौक, चांदनी चौक, संजय मार्केट चौक, मां दंतेश्वरी मंदिर, दामोदर पेट्रोल पंप, दलपत सागर, समुंद चौक (होटल ग्रैंड शिल्पी), सर्किट हाउस रोड एवं पंच चौक होते हुए पुनः लालबाग मैदान पहुंचेंगे। रैली के दौरान शहरवासियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा साइकिल के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।

यह साइकिल रैली केवल एक खेल गतिविधि नहीं बल्कि एक सामाजिक जनजागरण अभियान है, जिसके माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने तथा पर्यावरण के संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। बढ़ते प्रदूषण और बदलती जीवनशैली के इस दौर में साइकिल का उपयोग स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए लाभकारी माना जाता है।
रैली में जिले के खिलाड़ी, युवा, विद्यार्थी, विभिन्न सामाजिक संगठन, खेल प्रेमी एवं आम नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। आयोजन के माध्यम से सड़क सुरक्षा, फिटनेस और जनसहभागिता का संदेश भी दिया जाएगा।

जिला खेल अधिकारी श्री सुशांत पॉल ने बताया कि जनजागरण साइकिल रैली का उद्देश्य केवल साइकिल चलाना नहीं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जागरूकता उत्पन्न करना है। साइकिल एक ऐसा साधन है जो व्यक्ति को स्वस्थ रखने के साथ-साथ पर्यावरण को भी सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से साइकिल चलाने से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है।

उन्होंने जिले के सभी युवाओं, खिलाड़ियों, छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में इस रैली में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही ऐसे अभियान सफल होते हैं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम बनते हैं।

“स्वस्थ शरीर, स्वच्छ पर्यावरण और जागरूक समाज” के संदेश के साथ आयोजित यह जनजागरण साइकिल रैली शहरवासियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी तथा स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति नई चेतना का संचार करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button