कौशल विकास प्रशिक्षण से युवाओं को मिला रोजगार, कलेक्टर ने प्रदान किए जॉब ऑफर लेटर एवं प्रमाण पत्र…!

धमतरी… जिले के युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को एक और सफलता मिली है। जिला कार्यालय धमतरी में आयोजित कार्यक्रम में कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को जॉब ऑफर लेटर एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन कुरूद द्वारा संचालित सोलर, ब्यूटी एवं हॉस्पिटैलिटी ट्रेड के प्रशिक्षित विद्यार्थियों को रोजगार संबंधी नियुक्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कलेक्टर ने युवाओं से संवाद कर उनके प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि रोजगार मिलने पर उन्हें कैसा महसूस हो रहा है तथा प्रशिक्षण के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई तो नहीं हुई। युवाओं ने बताया कि कौशल विकास प्रशिक्षण ने उनमें आत्मविश्वास विकसित किया तथा रोजगार प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में कौशल विकास रोजगार और स्वरोजगार दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा न केवल स्वयं आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि भविष्य में अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराने में योगदान दे सकते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने मित्रों, रिश्तेदारों एवं परिचितों को भी कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार के अवसरों से जुड़ सकें।
उन्होंने प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन, मधुरिमा गुरुकुल सहित विभिन्न प्रशिक्षण संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इनके प्रयासों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण एवं बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
प्रशिक्षण उपरांत चयनित युवाओं में आंध्रप्रदेश के गुंटूर स्थित रिन्सेस ब्यूटी केयर में सुश्री अंजली टंडिया, सुश्री कविता, सुश्री मानसी देशमुख एवं सुश्री होमेश्वरी का चयन हुआ है। वहीं गुंटूर स्थित क्रासा फैमिली सैलून में सुश्री मीनाक्षी, सुश्री मुस्कान, सुश्री मनीषा, सुश्री दुर्गा, सुश्री सुमन, सुश्री नेहा एवं सुश्री लक्ष्मी का चयन किया गया है। इन सभी को 8 हजार रुपये प्रतिमाह इन-हैंड वेतन के साथ 4 हजार 500 रुपये भोजन एवं आवास सुविधा प्रदान की जाएगी।
इसी प्रकार हैदराबाद स्थित थास्विका हेयर सैलून में सुश्री नाजिया परवीन, सुश्री प्रीति ध्रुव, सुश्री खेमलता एवं सुश्री हितेश्वरी का चयन हुआ है। उन्हें 10 हजार रुपये प्रतिमाह इन-हैंड वेतन के साथ 4 हजार रुपये भोजन एवं आवास सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा कौशल विकास एवं रोजगार सृजन के प्रयासों को नई ऊर्जा प्रदान करेगी। उन्होंने युवाओं से कार्यस्थल पर अनुशासन, समर्पण एवं सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के क्लस्टर प्रमुख श्री मोतीलाल देवांगन, केंद्र प्रमुख श्री भोजलाल साहू एवं सुश्री रितिका देवांगन, प्लेसमेंट एसोसिएट श्री हेमराज साहू सहित श्री दानीराम, श्री कमल साहू एवं सुश्री तृप्ति सोनकर उपस्थित थे।
