CG – अस्मिता जोनल नॉर्थ ज़ोन कयाकिंग-केनोइंग स्प्रिंट प्रतियोगिता में बस्तर की बेटियों का शानदार प्रदर्शन…

अस्मिता जोनल नॉर्थ ज़ोन कयाकिंग-केनोइंग स्प्रिंट प्रतियोगिता में बस्तर की बेटियों का शानदार प्रदर्शन
रायपुर। सेंध लेक, नया रायपुर में 9 एवं 10 जून 2026 को आयोजित अस्मिता जोनल नॉर्थ ज़ोन कयाकिंग-केनोइंग स्प्रिंट प्रतियोगिता में बस्तर की महिला खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 6 कांस्य पदक जीतकर बस्तर एवं छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।

प्रतियोगिता की K-2 1000 मीटर स्पर्धा में ईशा गोयल एवं मालती कश्यप ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं K-4 1000 मीटर तथा K-4 200 मीटर स्पर्धाओं में सोनम पुजारी, मुस्कान भारती, दूतिका कश्यप एवं सुनानी नाग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों स्पर्धाओं में कांस्य पदक अपने नाम किए।

इसी प्रकार C-4 200 मीटर स्पर्धा में रोशनी सोरी की टीम ने कांस्य पदक जीता, जबकि मानमती बघेल की टीम ने C-4 500 मीटर एवं C-4 200 मीटर स्पर्धाओं में कांस्य पदक अर्जित कर बस्तर का नाम रोशन किया।

बस्तर की इन खिलाड़ियों का प्रदर्शन इसलिए भी विशेष रहा क्योंकि वे आगामी राष्ट्रीय जूनियर कयाकिंग-केनोइंग चैंपियनशिप में भी भाग लेने जा रही हैं। अस्मिता लीग में प्राप्त यह सफलता खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाली साबित होगी और राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रशिक्षकों, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को बधाई दी है। बस्तर की बेटियां लगातार कयाकिंग-केनोइंग खेल में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश को नई पहचान दिला रही हैं। आने वाले दिनों में राष्ट्रीय स्तर पर भी इन खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।




