धमतरी

विधायक अंबिका मरकाम की पहल रंग लाई, सेन्दूर नदी पर 9.60 करोड़ का उच्चस्तरीय पुल स्वीकृत..!

विधायक अंबिका मरकाम के सतत प्रयासों से केरेंगांव–गट्टासिल्ली मार्ग पर पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण को मिली प्रशासनिक स्वीकृति

धमतरी/नगरी… सिहावा विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग ने केरेंगांव–गट्टासिल्ली मार्ग पर सेन्दूर नदी में उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 9 करोड़ 60 लाख 20 हजार रुपये की संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि विधायक अंबिका मरकाम के सतत एवं प्रभावी प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

यह परियोजना क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी। बरसात के दौरान सेन्दूर नदी में जलस्तर बढ़ने से आवागमन बाधित हो जाता था, जिससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पुल निर्माण के बाद वर्षभर निर्बाध आवागमन सुनिश्चित हो सकेगा।

विधायक अंबिका मरकाम ने कहा कि सिहावा विधानसभा के समग्र विकास के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक बेहतर सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उनके अनुसार यह स्वीकृति केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के विश्वास और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

क्षेत्रवासियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस स्वीकृति पर खुशी जताते हुए विधायक मरकाम का आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि लगातार स्वीकृत हो रही विकास परियोजनाएं सिहावा विधानसभा को विकास के नए आयाम दे रही हैं।

परियोजना पूर्ण होने के बाद क्षेत्र के अनेक गांवों को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, जिससे सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

Related Articles

Back to top button