छत्तीसगढ़

कवर्धा में बेलगाम शराबियों की गुंडागर्दी,गौ सेवा आयोग अध्यक्ष को बनाया निशाना।

कवर्धा/ छत्तीसगढ़ गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विश्वेसर पटेल के साथ अभद्रता और हमले के प्रयास का मामला सामने आया है। कवर्धा ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में उनकी कार को पीछे से आ रही एक बाइक ने टक्कर मार दी। इसके बाद बाइक सवार दोनों युवक कथित रूप से नशे की हालत में गाली-गलौज और बदसलूकी करने लगे तथा पत्थर उठाकर हमला करने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार,गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विश्वेसर पटेल जिला मुख्यालय कवर्धा से अपने गृहग्राम रोहरा लौट रहे थे। उनकी कार में चालक भी मौजूद था। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक कार से टकरा गई। हादसे के बाद कार रुकने पर बाइक सवार युवकों ने विवाद शुरू कर दिया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट का प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलते पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान दोनों युवक नशे की हालत में पाए गए। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई के बाद गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया,जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रही बाइक टकराई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और गाली-गलौज हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

उल्लेखनीय है कि विश्वेसर पटेल को कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त है, लेकिन उन्हें सुरक्षा के लिए कोई गार्ड उपलब्ध नहीं कराया गया है। हालांकि इस मामले में उनके द्वारा कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में शराब के नशे में असामाजिक तत्वों द्वारा महिलाओं और आम नागरिकों के साथ अभद्रता एवं गुंडागर्दी की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं। ऐसे में सख्त कार्रवाई और प्रभावी कानून व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही है,ताकि इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button