खाद-बीज संकट पर फूटा कांग्रेस का गुस्सा धमतरी कलेक्ट्रेट का घेराव, सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन…

धमतरी। खाद-बीज की किल्लत, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था, बिजली दरों में वृद्धि तथा अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के नेतृत्व में बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों, युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में खाद-बीज की उपलब्धता को लेकर किसान परेशान हैं, महंगाई लगातार बढ़ रही है और बेरोजगारी की समस्या गंभीर होती जा रही है। साथ ही कानून व्यवस्था और बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर भी सरकार को घेरा गया।

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मंत्री एवं विधायक अनिला भेड़िया, विधायक अंबिका मरकाम, विधायक ओंकार साहू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारणी चंद्राकर, पूर्व विधायक लेखराम साहू और लक्ष्मी ध्रुव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता से जुड़े मुद्दों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।