छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में ISI का संदिग्ध पकड़ाया,किरायेदार बनकर रह रहा था,सामने आई ये जानकारी…

डेस्क : जांजगीर-चांपा पुलिस को राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक बेहद गंभीर मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है. जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में किरायेदार सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित स्लीपर सेल से जुड़े एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवक सिंह (उम्र 23 वर्ष), पिता बलविंदर सिंह, निवासी पट्टी, थाना पट्टी, जिला तरनतारन, पंजाब के रूप में हुई है. आरोपी पिछले कुछ समय से अकलतरा के मिनीमाता चौक क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था.

पुलिस को सूचना मिली थी कि इस मकान में अन्य प्रदेशों के कई लोग किराए से रह रहे हैं, जिसके बाद किरायेदार सत्यापन के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची. सत्यापन के दौरान सेवक सिंह की गतिविधियां संदिग्ध लगीं और पूछताछ में उसके जवाब भी संतोषजनक नहीं मिले.

खूफिया एजेंसी ISI के संपर्क में था
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें पाकिस्तान, सऊदी अरब और मैक्सिको के कई नंबरों से संपर्क के महत्वपूर्ण सबूत मिले हैं. मोबाइल से व्हाट्सएप चैटिंग, वीडियो कॉलिंग, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद हुए हैं. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम जैसे माध्यमों के जरिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े तत्वों के संपर्क में था और लगातार उनसे संवाद कर रहा था.

पुलिस जांच में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी छत्तीसगढ़ के महत्वपूर्ण व्यक्तियों, संवेदनशील स्थानों, लोकेशन, वाहनों के नंबर और फोटो-वीडियो जैसी सूचनाएं पाकिस्तान भेज रहा था. यह मामला सिर्फ संदिग्ध संपर्कों तक सीमित नहीं है, बल्कि जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराए जाने की योजना थी. हथियार मिलने के बाद उसे पाकिस्तान से मिले टारगेट पर हमला करने और टारगेट किलिंग जैसे खतरनाक काम सौंपे जाने की बात भी सामने आई है.

इन धाराओं में किया मामला दर्ज
वहीं जांजगीर-चांपा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 350/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 और 61(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी का मोबाइल जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां आरोपी के पूरे नेटवर्क, विदेशी संपर्कों और संभावित सहयोगियों की पहचान में जुटी हैं. पुलिस की टीम जांच में लगी हुई है. आगे इस आरोपी से कितने लोग जुड़े हैं, इसका बड़ा खुलासा जांच के बाद हो सकता है.

भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल

एसपी विजय पांडे ने बताया कि सोशल मीडिया में जो पाकिस्तानी गुप्तचर संस्था ISI है और ISI द्वारा समर्थित जो नेटवर्क भारत विरोधी गतिविधियों में लगे रहते हैं, वे सोशल मीडिया पर अपने कई अकाउंट चलाते हैं और प्रचार-प्रसार करते हैं. BKI (Babbar Khalsa International), SBN (Azad Bhat Network) जैसे संगठन इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर सक्रिय रहते हैं. इसमें क्या होता है कि देश का कोई युवा, जिसे सही जानकारी नहीं होती या जो थोड़ा पथभ्रष्ट हो जाता है, वह सोशल मीडिया स्क्रॉल करते समय ऐसे नेटवर्क के संपर्क में आ जाता है. फिर पैसों के लालच में उनसे जुड़कर देश की गोपनीय सूचनाएं पहुंचाने लगता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button