धमतरी

लोहारसी हाई स्कूल की ऐतिहासिक सफलता पर गरिमामयी सम्मान समारोह आयोजित…शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम से जिले का गौरव बढ़ाने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों का कलेक्टर ने किया सम्मान

धमतरी जिले के शासकीय हाई स्कूल लोहारसी द्वारा इस वर्ष हाई स्कूल परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर एक नई उपलब्धि दर्ज करने पर आज विद्यालय परिसर में गरिमामयी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों, मेधावी विद्यार्थियों तथा अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता केवल परीक्षा परिणाम नहीं, बल्कि पूरे गांव की सामूहिक मेहनत, अनुशासन और शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच का प्रतीक है।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री मिश्रा ने विद्यालय के प्राचार्य श्री एम.डी. दास सहित उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया। साथ ही परीक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा कुमारी हीरा, छात्र दानिश कुमार तथा कु. लोकिता को शील्ड, मेडल एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के अन्य सफल विद्यार्थियों का भी उत्साहवर्धन किया गया।

अपने संबोधन में कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि पिछले वर्षों के परीक्षा परिणामों को लेकर चिंता की स्थिति थी, लेकिन शिक्षकों की प्रतिबद्धता और विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत ने कम समय में उल्लेखनीय परिवर्तन कर दिखाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी संसाधनों की कमी के बावजूद प्रतिभा और परिश्रम के बल पर बड़ी सफलताएं हासिल कर सकते हैं। जरूरत केवल सही मार्गदर्शन, सकारात्मक वातावरण और आत्मविश्वास की है।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर अध्ययन करने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने तथा खेल, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आधार है।

अभिभावकों को संबोधित करते हुए उन्होंने बच्चों को संस्कारयुक्त वातावरण देने, मोबाइल और टीवी के अत्यधिक उपयोग से दूर रखने तथा नशे जैसी बुराइयों से बचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि माता-पिता का सहयोग और प्रोत्साहन बच्चों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए गर्मी के मौसम में अधिक से अधिक पौधारोपण करने और जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों को धान के साथ-साथ दलहन एवं तिलहन फसलों को अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि इससे जल संरक्षण के साथ आय में भी वृद्धि होगी।

लोहारसी गांव के समग्र विकास को लेकर कलेक्टर ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि गांव के पारंपरिक मूर्तिकारों को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा लोहारसी में गोदाम निर्माण, लोहारसी से आमदी तक सड़क चौड़ीकरण तथा गांव में गौरव पथ निर्माण जैसे विकास कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे। उन्होंने स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से संचालित करने पर भी जोर दिया।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए रायपुर स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के शैक्षणिक भ्रमण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, करियर और आधुनिक अवसरों की जानकारी मिलेगी तथा उनमें बड़े सपने देखने का आत्मविश्वास विकसित होगा।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री अभय जायसवाल, बीईओ श्री लीलाधर चौधरी, जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, शिक्षकगण, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों की उपलब्धियों को लेकर उत्साह और गौरव का वातावरण देखने को मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button