अन्य ख़बरें
शासकीय प्राथमिक शाला कुंवरपुर में ‘मापन मेले’ का भव्य आयोजन: बच्चों ने खेल-खेल में सीखी गणित की बारीकियां।

((नयाभारत सितेश सिरदार लखनपुर)):–
लखनपुर, सरगुजा दिनांक: 27/02/2026 आज शासकीय प्राथमिक शाला कुंवरपुर, विकासखंड लखनपुर में एक अभिनव शैक्षणिक पहल के तहत ‘मापन मेले’ का शानदार आयोजन किया गया। इस मेले ने यह साबित कर दिया कि जब सीखने का अवसर ‘करके सीखने’ (Learning by Doing) के सिद्धांत पर आधारित हो, तो कठिन से कठिन विषय भी सरल और रुचिकर हो जाते हैं।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस मेले में नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता से समां बांध दिया। बच्चों ने स्वयं दुकानदार और वॉलिंटियर की भूमिका निभाते हुए लंबाई, भार, समय, मुद्रा और क्षेत्रफल के विभिन्न स्टॉल लगाए। स्टॉल पर सजे तराजू, इंची टेप, स्केल और समय की घड़ियों ने गणित को एक नई और जीवंत पहचान दी। किसी छात्र ने धागे की सहायता से स्कूल का परिमाप नापा, तो किसी ने जग और गिलास के माध्यम से पानी की धारिता (Capacity) मापने का प्रदर्शन किया। इस विशेष आयोजन को सफल बनाने में शाला परिवार की शिक्षिका श्रीमती दीप्ति भावसार एवं श्रीमती सीमा की मुख्य भूमिका रही, जिनके मार्गदर्शन और कठिन परिश्रम से बच्चों ने इन स्टॉल्स को व्यवस्थित रूप से संचालित किया।कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विकासखंड लखनपुर के ABEO सर एवं BRCC सर ने प्रत्येक स्टॉल का सूक्ष्म अवलोकन किया और बच्चों के आत्मविश्वास व ज्ञान की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में संकुल के अन्य शिक्षक गण भी सम्मिलित हुए और इस नवाचारी शिक्षण पद्धति की प्रशंसा की।

शाला परिवार की ओर से मुख्य अतिथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। साथ ही, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के सौरभ सर के प्रति विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया गया, जिनकी प्रेरणा और संकल्पना से इस मापन मेले को धरातल पर साकार किया जा सका।
यह आयोजन इस संदेश के साथ संपन्न हुआ कि गणित केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे चारों ओर के परिवेश में मौजूद है; बस उसे अनुभव करने वाली दृष्टि की आवश्यकता है।