CG- PSC की तैयारी कर रही छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, किराए के मकान में फंदे पर लटकी मिली लाश, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल, जांच में जुटी पुलिस…..

अम्बिकापुर। अम्बिकापुर में सीजीपीएससी की तैयारी के लिये कुछ दिन पूर्व आयी 28 वर्षीय छात्रा ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पुलिस व परिजनों को दी गयी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जांच पड़ताल शुरू किया।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार जशपुर जिले के फरसाबहार निवासी तनुजा पैकरा पिता बालसाय पैकरा (28 वर्ष) कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद सीजीपीएससी की तैयारी के उद्देश्य से गत 25 जुलाई को अंबिकापुर आई थी। वह शहर के गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधीनगर के गांधी चौक के पास स्थित एक मकान में किराए का कमरा लेकर रह रही थी। वहीं दूसरे कमरे में अन्य छात्राएं भी रहती हैं।
इसी बीच एक छात्रा ने उसे फंदे से लटका देख मकान मालिक को सूचना दी। इस पर मकान मालिक व एक पड़ोसी ने उसे कमरे में फंदे पर छटपटाते देख पैर पकड़ लिया। फिर जैसे-तैसे उसे फंदे से उतारकर इलाज के लिए अस्पताल ले गए। यहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की। पुलिस ने मृतका का मोबाइल भी जब्त किया है। संदेह पर पुलिस ने एसएफएल की टीम को बुलाकर जांच कराई। पुलिस ने युवती की आत्महत्या की सूचना उसके परिजन को मोबाइल से दी। यह बात सुनकर परिजन बदहवास जशपुर से अंबिकापुर पहुंचे। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया थां। पीएम उपरांत पुलिस ने शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।



