अवैध धान भंडारण और बिना दस्तावेज परिवहन पर प्रशासन की सख्ती, 3 प्रकरणों में 66 क्विंटल धान जब्त
कुरूद के ग्राम छाती और देमार में राजस्व-मंडी विभाग की संयुक्त कार्रवाई, व्यापारियों के प्रतिष्ठानों और परिवहन वाहन की जांच
धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं नियमसम्मत बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान के भंडारण, क्रय-विक्रय और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कुरूद विकासखंड के ग्राम छाती और देमार में राजस्व एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने तीन अलग-अलग प्रकरणों में 164 कट्टा यानी करीब 66 क्विंटल धान जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम ग्राम छाती में जांच के दौरान व्यापारी केशव यदु की दुकान से 55 बोरी (करीब 21 क्विंटल) धान अवैध रूप से भंडारित पाया गया। इसी गांव में दुष्यंत कुमार मेषपाल की दुकान से करीब 15 क्विंटल धान बरामद कर जब्ती की कार्रवाई की गई।
वहीं, ग्राम देमार में भखारा-धमतरी मार्ग पर बिना वैध दस्तावेज के धान परिवहन करते हुए वाहन को पकड़ा गया। जांच के दौरान वाहन से 75 कट्टा यानी करीब 30 क्विंटल धान बरामद हुआ। जब्त धान को नियमानुसार मंडी निरीक्षक, धमतरी के सुपुर्द किया गया है।
तीनों मामलों में कुल 164 कट्टा (लगभग 66 क्विंटल) धान जब्त कर छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई है।
सीमावर्ती क्षेत्रों और परिवहन मार्गों पर बढ़ाई निगरानी
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के दौरान अवैध धान की आवक और दूसरे राज्यों से धान लाकर खपाने की संभावनाओं को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा धान खरीदी केंद्रों, सीमावर्ती क्षेत्रों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और प्रमुख परिवहन मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं मैदानी अमले को संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल जांच और नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना प्राथमिकता है। अवैध भंडारण, बिना दस्तावेज परिवहन या नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन ने किसानों और व्यापारियों से अपील की है कि धान के क्रय-विक्रय, भंडारण एवं परिवहन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें और आवश्यक वैध दस्तावेज अपने पास रखें।
