अन्य ख़बरें

तेंदुए के बाद अब भालू की दहशत, बिरगुड़ी में पानी की टंकी पर चढ़ा विशाल भालू, VIDEO वायरल; वनांचल में हड़कंप..!

छत्तीसगढ़ धमतरी नगरी। धमतरी जिले के सिहावा वनांचल में वन्यप्राणियों की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है। तेंदुए के बाद अब भालुओं की चहलकदमी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। ताजा मामला बिरगुड़ी का है, जहां मंगलवार देर शाम एक विशाल भालू पानी की टंकी के ऊपर चढ़ गया। भालू को टंकी पर देखकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पानी की टंकी पर चढ़ा भालू, मचा हड़कंप

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर शाम बिरगुड़ी में एक बड़ा भालू पानी की टंकी के ऊपर चढ़ा दिखाई दिया। खास बात यह है कि पानी की टंकी के पास ही बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र कार्यालय स्थित है। भालू को इस तरह टंकी पर देखकर आसपास के लोगों में कौतूहल के साथ दहशत का माहौल बन गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। टीम ने लोगों को सतर्क करते हुए भालू से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।

टंकी से उतरकर वन विभाग की कॉलोनी में घुसा

बताया जा रहा है कि भालू काफी देर तक पानी की टंकी के ऊपर बैठा रहा। वन विभाग की टीम की मशक्कत के बाद वह नीचे उतरा, लेकिन इसके बाद वन विभाग कार्यालय परिसर और कॉलोनी की ओर चला गया। रिहायशी इलाके में भालू की मौजूदगी से लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि, कुछ देर बाद भालू कॉलोनी से निकलकर खेतों की तरफ भाग गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

इधर, बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र के ठेमली पारा गांव में तेंदुए द्वारा एक महिला पर हमला किए जाने की भी खबर सामने आई है। एक ओर भालू की चहलकदमी और दूसरी ओर तेंदुए के हमले की सूचना से वनांचल के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, महिला पर हमले से जुड़ी विस्तृत जानकारी की पुष्टि होना बाकी है।

वन विभाग अलर्ट, ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

सिहावा-नगरी वनांचल में वन्यप्राणियों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग सतर्कता बरत रहा है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि भालू या तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं, भीड़ न लगाएं और वन्यप्राणी को छेड़ने या भगाने की कोशिश न करें।

वन्यप्राणियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में वन्यप्राणी दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देना ही सुरक्षित कदम है।

Related Articles

Back to top button