अन्य ख़बरें

धमतरी में आधी रात हथियारबंद गैंग का आतंक, हाथों में चाकू-तलवार, घरों-दुकानों में तोड़फोड़ का आरोप; मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 6 बालकों पर कार्रवाई..!

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में आधी रात हथियारों के साथ उत्पात मचाकर मोहल्लेवासियों में दहशत फैलाने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। मराठा पारा और बांसपारा क्षेत्र में गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और घरों के दरवाजों व दुकानों के शटर पर तोड़फोड़ करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में संलिप्त 6 विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

गमछे से चेहरे ढंककर पहुंचे थे 15 से 20 युवक

पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच 15 से 20 युवक चेहरे पर गमछा बांधकर मराठा पारा और बांसपारा क्षेत्र में एकत्र हुए थे। आरोप है कि युवकों के हाथों में लाठी, डंडे, लोहे की रॉड, तलवार और चाकू जैसे हथियार थे। उन्होंने मोहल्लेवासियों के साथ अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके साथ ही घरों के दरवाजों और दुकानों के शटर पर लाठी-डंडों से वार कर क्षेत्र में भय का माहौल पैदा किया।

शिकायत के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना के संबंध में मराठा पारा निवासी एक वार्डवासी की लिखित शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 271/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन और सीएसपी श्री अभिषेक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पुलिस ने संदेहियों की पतासाजी और पूछताछ शुरू की।

विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी की पहचान नोमेश पटेल उर्फ आर्यन (19 वर्ष), निवासी विंध्यवासिनी वार्ड, कारगिल चौक, धमतरी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान घटना में संलिप्तता स्वीकार किए जाने की जानकारी सामने आई है।

चाकू, बांस के डंडे और कपड़े जब्त

पुलिस ने विवेचना के दौरान आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर गवाहों की उपस्थिति में घटना में इस्तेमाल किए गए धारदार चाकू, बांस के डंडे और वारदात के समय पहने गए कपड़ों को जब्त किया है। मामले में तथ्यों के आधार पर आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

प्रकरण में संलिप्त 6 विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में सामाजिक पृष्ठभूमि प्रतिवेदन तैयार कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 191(3), 189(4) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

धमतरी पुलिस की सख्त चेतावनी

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि गुंडागर्दी, हथियारों का प्रदर्शन, मारपीट, धमकी या किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। आम नागरिकों में भय पैदा करने और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button