मुजगहन हत्याकांड में बड़ा एक्शन,3 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 7 पुलिस की गिरफ्त में, चाकू-डंडा जब्त..!

छत्तीसगढ़ धमतरी। जिले के ग्राम मुजगहन में दीपांशु साहू हत्याकांड के मामले में धमतरी पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या सात हो गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त स्टील का स्प्रिंगदार चाकू, बांस का डंडा और घटना के दौरान पहने गए कपड़े जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर की रात करीब 10:20 से 10:30 बजे के बीच हुई थी। बताया गया है कि पूर्व रंजिश को लेकर रत्नाबांधा और पंचवटी कॉलोनी के कुछ युवकों ने ग्राम मुजगहन में सुदामा साहू के घर के सामने मुख्य मार्ग पर दीपांशु साहू और विकास साहू के साथ मारपीट की। इस दौरान डंडे और धारदार चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल दीपांशु को जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल विकास साहू का उपचार जारी है।
मामले में 22 अक्टूबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 23 अक्टूबर को शंकर नागरची (19), तामेश्वर नागरची उर्फ मोनू (19) और धनेश्वर नागरची (22), सभी निवासी रत्नाबांधा क्षेत्र, को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में अर्जुनी पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है। हत्याकांड में शामिल अन्य पहलुओं की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।

