छत्तीसगढ़

CG Suspended ब्रेकिंग : IG का बड़ा एक्शन, थाना प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मियों को किया निलंबित, इस लापरवाही पर गिरी गाज…..

बिलासपुर। बिलासपुर रेंज में आरोपी को पकड़ने गुरुग्राम गई पुलिस टीम की यात्रा को लेकर गंभीर शिकायत हुई। आरोप है कि टीम ट्रेन से जाने के बजाय फ्लाइट से गई और टिकट का खर्च भी मामले के प्रार्थी से कराया गया। शिकायत हुई, जांच हुई और आखिरकार IG रामगोपाल गर्ग ने थाना प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

मामला कटघोरा थाना क्षेत्र में कृष्णा जेसीबी कंपनी से जुड़े धोखाधड़ी और चोरी के प्रकरण का है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 8 सदस्यीय पुलिस टीम को हरियाणा के गुरुग्राम भेजा गया था। सरकारी नियमों के मुताबिक टीम को ट्रेन से यात्रा करनी थी, लेकिन टीम ने हवाई यात्रा की। सबसे बड़ा सवाल तब खड़ा हुआ, जब यह बात सामने आई कि फ्लाइट टिकट का भुगतान सरकारी मद या विभागीय प्रक्रिया के तहत नहीं, बल्कि मामले के प्रार्थी की जेब से कराया गया।

वसूली और पुलिस टीम की मनमानी से परेशान प्रार्थी ने वरिष्ठ अधिकारियों से लिखित शिकायत की। शिकायत को गंभीरता से लिया गया और पूरे मामले की जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में वित्तीय अनियमितता, विभागीय नियमों की अनदेखी और पद के दुरुपयोग से जुड़े आरोपों की पुष्टि होने की बात सामने आई। इसके बाद IG रामगोपाल गर्ग ने संबंधित सभी 8 पुलिसकर्मियों के निलंबन का आदेश जारी कर दिया।

इस कार्रवाई में कटघोरा के तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक मोती पटेल के साथ उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक शामिल हैं।

निलंबित पुलिसकर्मियों में मोती पटेल, निरीक्षक एवं तत्कालीन थाना प्रभारी कटघोरा; राम पाण्डेय, उप निरीक्षक; गुनाराम सिन्हा, प्रधान आरक्षक क्रमांक 381; गोपाल यादव, प्रधान आरक्षक क्रमांक 392; राजेश कंवर, प्रधान आरक्षक क्रमांक 35; प्रदीप राठौर, आरक्षक क्रमांक 747 थाना कटघोरा; सुशील यादव, आरक्षक क्रमांक 41 साइबर सेल और प्रशांत सिंह, आरक्षक क्रमांक 08 रक्षित केंद्र कोरबा शामिल हैं।

कोरबा SP सिद्धार्थ तिवारी ने निलंबन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की विभागीय जांच अभी जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी वैधानिक और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button