BIG BREAKING |कबीरधाम में नकली नोटों का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, कलर प्रिंटर से छाप रहे थे नकली नोट, उधारी चुकाने के नाम पर कर रहे थे सप्लाई—कबीरधाम पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

कबीरधाम/जिले में नकली नोटों के कारोबार के खिलाफ कबीरधाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी जुलाई 2026 से कलर प्रिंटर के जरिए नकली नोट तैयार कर उन्हें बाजार में खपाने की कोशिश कर रहे थे।
चौकी पोंडी,थाना बोडला और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे और प्रकरण से जुड़े बरामद नोटों को मिलाकर कुल 12 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट जब्त किए गए हैं। इसके अलावा नकली नोट बनाने में इस्तेमाल किया जा रहा कलर प्रिंटर, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त टाटा पंच ईवी कार भी बरामद की गई है।
उधारी के 3.75 लाख लौटाने के नाम पर दिए 4.50 लाख के नकली नोट
मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्राम कमराखोल निवासी दिनेश कुमार यादव ने चौकी पोंडी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक अप्रैल 2026 में उसने घुरवा राम को 3 लाख 75 हजार रुपये उधार दिए थे।
रकम वापस करने के नाम पर घुरवा राम ने सतीश कुमार के माध्यम से पैसे भेजने की बात कही और दिनेश को पोंडी स्थित शराब भट्टी के पास बुलाया गया।
रात करीब 9 बजे दिनेश अपने परिचित कैलाश चंद्रवंशी के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने काले बैग में रकम दी। लेकिन नोटों की जांच करने पर संदेह हुआ। बैग खोलकर देखने पर 500-500 रुपये के कुल 4 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट मिले।
इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और सतीश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में खुला नकली नोट छापने का राज
पुलिस पूछताछ में सतीश कुमार ने रामप्रसाद उर्फ रमऊ और घुरवा राम के साथ मिलकर नकली नोट तैयार करने और उन्हें खपाने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने 13 जुलाई को कलर प्रिंटर खरीदा था और नए बस स्टैंड के पास किराये का मकान लेकर वहां नकली नोट छापने का काम शुरू किया था।
पुलिस के अनुसार रामप्रसाद और घुरवा राम नकली नोट तैयार करते थे,जबकि सतीश कुमार उनके साथ नकली नोटों की डिलीवरी करने जाता था।
आरोपियों के कब्जे से क्या-क्या मिला?
– सतीश कुमार से 2 लाख रुपये के नकली नोट
– रामप्रसाद उर्फ रमऊ से 4.50 लाख रुपये के नकली नोट
– घुरवा राम से 1.50 लाख रुपये के नकली नोट
– प्रार्थी द्वारा बरामद कराए गए 4.50 लाख रुपये के नकली नोट
– 01 कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन
– 01 मोबाइल फोन
– 01 टाटा पंच ईवी कार
कुल नकली नोट: 12 लाख 50 हजार रुपये
तीन आरोपी गिरफ्तार
1. सतीश कुमार, उम्र 33 वर्ष, निवासी मजगांव रोड, थाना कवर्धा।
2. रामप्रसाद उर्फ रमऊ, उम्र 56 वर्ष, निवासी तालपुर, थाना सिटी कोतवाली कवर्धा।
3. घुरवा राम, निवासी कान्हाभैरा, थाना पिपरिया।
मामले में चौकी पोंडी,थाना बोडला में अपराध क्रमांक 101/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने अब तक कितने नकली नोट तैयार किए और इन्हें जिले में कहां-कहां खपाया गया।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम जितेंद्र कुमार यादव (भा.पु.से.) के निर्देशन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बोडला अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में चौकी पोंडी पुलिस और साइबर टीम द्वारा की गई।
पुलिस ने आम नागरिकों से नकली नोटों और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध नोट अथवा नकली मुद्रा से संबंधित जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को सूचना देने कहा गया है।
कबीरधाम पुलिस की इस कार्रवाई से नकली नोटों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नकली नोटों की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।



