छत्तीसगढ़

CG- खाद घोटाले का बड़ा खुलासा: जांच में 20 लाख रुपये की खाद गायब, समिति अध्यक्ष और प्रभारी प्रबंधक पर गिरी गाज….

सूरजपुर। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति जयनगर में खाद घोटाले का बड़ा मामला सामने आया है। यहां समिति की मिल रही शिकायत को देखते हुए प्रारंभिक जांच में लगभग 20 लाख रुपए की खाद कम पाई गई है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए प्रारंभिक तौर पर समिति के अध्यक्ष व प्रभारी प्रबंधक को हटा दिया गया है।

दरअसल जयनगर सहकारी समिति में खाद की किल्लत की शिकायत लगातार मिल रही थी, जिसके बाद कलेक्टर रेना जमील ने जांच के आदेश दिए थे। इस मामले में जांच करते हुए उप आयुक्त सहकारी समिति ने पहले प्रभारी को तलब किया तो वह नहीं आया, फिर प्रशासनिक मदद से उसे लाया गया, जिसके बाद जांच की गई।

उप आयुक्त ने कहा कि प्रारंभिक तौर पर 1356 बोरी डीएपी, 502 बोरी यूरिया, 137 बोरी एसएसपी खादों की कमी पाई गई है। वहीं जांच में सहयोग नहीं करने व जांच प्रभावित करने की आशंका से प्रभारी समिति प्रबंधक व समिति अध्यक्ष को हटा दिया गया है और नए प्रभारी को जिम्मेदारी दी गई है। आगे मामले में जो तथ्य निकलकर सामने आएगा उसके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button