बिहार

Bihar Politics: इंडिया गठबंधन को बड़ा झटका, बिहार में अकेले चुनाव लड़ेगी AAP, कांग्रेस ने कहा—AAP बीजेपी की B टीम…

पटना। बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, जिसके लिए सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुटे हैं। इसी बीच आम आदमी पार्टी (AAP) ने बिहार में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी राज्य की सभी 243 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। यह फैसला इंडिया गठबंधन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि AAP गठबंधन की अहम हिस्सा रही है।

कांग्रेस ने AAP को BJP की B टीम करार दिया

AAP के इस फैसले पर कांग्रेस सहित कई दलों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस के प्रवक्ता ज्ञान रंजन ने कहा कि AAP ने अचानक अकेले चुनाव लड़ने का फैसला BJP के इशारे पर लिया है। उन्होंने कहा कि यह पार्टी BJP की B टीम साबित हो रही है। महागठबंधन पहले ही तैयार हो चुका है और इसके कई उपसमितियों के चेयरमैन तेजस्वी यादव हैं।

RJD का लोकतंत्र पर जोर

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा कि चुनाव लड़ना किसी भी पार्टी का अधिकार है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सभी को चुनाव लड़ने की स्वतंत्रता होनी चाहिए। वहीं, उन्होंने NDA सरकार पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया और मजबूत विपक्षी गठबंधन की जरूरत पर ज़ोर दिया।

इंडिया गठबंधन केवल लोकसभा चुनाव तक सीमित था

AAP के बिहार प्रदेश प्रवक्ता बबलू कुमार ने स्पष्ट किया कि इंडिया गठबंधन में उनकी भागीदारी केवल लोकसभा चुनाव तक थी। अब पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में अकेले उतरेगी। उन्होंने कहा कि संगठन मजबूत क्षेत्रों में ही चुनाव लड़ा जाएगा और राज्य में ‘मैं भी केजरीवाल’ जनसंपर्क यात्रा शुरू हो चुकी है।

AAP के फैसले का चुनावी परिदृश्य पर प्रभाव

AAP के इस फैसले से इंडिया गठबंधन के चुनावी समीकरण प्रभावित हो सकते हैं। इससे पहले हरियाणा विधानसभा चुनाव में भी AAP ने कांग्रेस से अलग होकर चुनाव लड़ा था, जिससे गठबंधन कमजोर पड़ा था। बिहार चुनाव में भी इस फैसले से गठबंधन की मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button