CG – लव ट्रायंगल में खूनी खेल : कार में दूसरे युवक के साथ दिखी गर्लफ्रेंड, रोकने के लिए बोनट पर चढ़ा बॉयफ्रेंड, गिरने से मौके पर हुई दर्दनाक मौत……

रायपुर। राजधानी रायपुर से हत्या का एक खौफनाक मामला सामने आया है। प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक की कार से कुचलकर हत्या कर दी गई। यह घटना आमानाका थाना क्षेत्र स्थित एम्स अस्पताल के सामने हुई। मामले में पुलिस अपराध दर्ज कर जांच में जुट गई है।
जाने पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान परमप्रीत सिंह (34 वर्ष), निवासी सेक्टर-04, उदया सोसायटी, टाटीबंध, रायपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परमप्रीत सिंह का दुर्ग निवासी भरत मंगनानी से किसी युवती को लेकर विवाद हो गया था। घटना के समय युवती भी कार में मौजूद थी।
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने एम्स अस्पताल के सामने अपनी कार से परमप्रीत सिंह को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद परमप्रीत सिंह कार की छत पर चढ़ गया और आरोपी को वाहन रोकने की कोशिश करता रहा। लेकिन भरत मंगनानी ने कार नहीं रोकी और उसे कुछ दूरी तक तेज रफ्तार में चलाता रहा। कुछ दूर जाने के बाद परमप्रीत सिंह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी ने कार से उसे कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर चोट लगने के कारण परमप्रीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आमानाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने चश्मदीदों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले को प्रथम दृष्टया हत्यात्मक मानते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल, घटना में शामिल युवती को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं आरोपी भरत मंगनानी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई है।



