छत्तीसगढ़

CG- इश्क में खूनी वारदात: सनकी आशिक ने प्रेमिका पर चाकू से किया हमला, घर में घुसकर मचाया बवाल, सामने आई हैरान करने वाली वजह…..

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

यह पूरा मामला कुरूद थाना क्षेत्र का है। युवती की पहचान अनीता मंडावी के रूप में हुई है, जो कि कोंडागांव की रहने वाली है और बालाजी राइस मिल में काम करती है। वहीं युवक की पहचान दिलेश्वर के रूप में हुई है, जो कि भाटा गांव का रहने वाला है और वो भी अनीता के साथ काम करता है।

घर में घुसकर मारा चाकू

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी वक्त से प्रेम प्रसंग चल रहा है। दिलेश्वर अपने पैसों से अनीता के मोबाइल में रिचार्ज करवाता था, लेकिन उसे शक था कि उसके किए रिचार्ज से अनीता किसी और से घंटों बातें किया करती थी। इसी शक के चलते दिलेश्वर ने अनीता के घर में घुसकर उसपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में लड़की की कमर और जांघ समेत कई हिस्सों पर गहरे जख्म आए हैं। सबसे पहले उसे कुरूद अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नाजुक हालत को देखते हुए उसे धमतरी के एक प्राइवेट अस्पताल में रेफर कर दिया गया। फिलहाल कुरूद पुलिस ने इस सनकी आशिक को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की तफ्तीश में जुट गई है।

Related Articles

Back to top button