CG- एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का बड़ा खेल बेनकाब! कई जिलों में छापेमारी, 100+ सिलेंडर जब्त….अवैध रिफिलिंग का VIDEO वायरल….

सूरजपुर/बिलासपुर/जांजगीर-चांपा। एलपीजी गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने प्रदेशभर में सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। अलग-अलग जिलों में लगातार छापेमार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सूरजपुर, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए कई गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।
सूरजपुर जिले के भटगांव तहसील अंतर्गत करकोली गांव में खाद्य एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने महेश गुप्ता के गोदाम में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान यहां से 35 एलपीजी गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें 23 भरे हुए और 12 खाली सिलेंडर शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में अब तक कुल 93 सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं।
बिलासपुर में कालाबाजारी का वीडियो आया सामने
बिलासपुर में गैस की कालाबाजारी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि भारतीय नगर क्षेत्र में ‘गरिमा किचन केयर’ नाम की दुकान की आड़ में घरेलू गैस सिलेंडर से दूसरे गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग की जा रही थी। वायरल वीडियो में खुलेआम सिलेंडर से सिलेंडर में गैस भरते हुए देखा जा सकता है। मामले के सामने आने के बाद जिला खाद्य विभाग ने जांच और कार्रवाई की बात कही है।
जांजगीर-चांपा में 11 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त
इधर जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने पामगढ़, शिवरीनारायण और आसपास के क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई होटलों और ढाबों में एलपीजी के अवैध इस्तेमाल के मामले सामने आए। कार्रवाई में शेरगढ़ फैमिली रेस्टोरेंट, एल.के. होटल, बाबा कैफे एंड पराठा हाउस, ब्रदर्स कैफे एंड फैमिली रेस्टोरेंट और भैयाजी रेस्टोरेंट से कुल 11 घरेलू गैस सिलेंडर के साथ गैस चूल्हा, रेगुलेटर और पाइप जब्त किए गए। खाद्य विभाग ने कहा है कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग प्रतिबंधित है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रदेश में किसी प्रकार की गैस की कमी नहीं – CM साय
गौरतलब है कि राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गैस सिलेंडर संकट को लेकर कहा है कि प्रदेश में किसी प्रकार की गैस की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि गैस की कमी को लेकर दुष्प्रचार ज्यादा किया जा रहा है और पेट्रोलियम पदार्थों का आयात लगातार जारी है, जिससे आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी।



