CG – कांग्रेस नेताओं का इस्तीफा : छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को बड़ा झटका, इतने पदाधिकारियों ने छोड़ी पार्टी, लगाया ये आरोप……

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन के भीतर एक बार फिर गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। संगठन के भीतर लंबे समय से सुलग रहा असंतोष अब आर-पार की लड़ाई में तब्दील होता नजर आ रहा है। एक साथ 17 से अधिक पदाधिकारियों के इस्तीफे सामने आने के बाद कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, संयुक्त महामंत्री, महामंत्री और सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत कई पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी गर्म है कि इस्तीफों की संख्या अब 30 के पार पहुंच चुकी है। इस घटनाक्रम में पूर्व मंत्री खेल साय सिंह के परिवार से जुड़ा नाम सामने आना संगठन के लिए और अधिक चौंकाने वाला माना जा रहा है।
संगठन के भीतर इस अचानक उठे तूफान के पीछे मुख्य वजह पदों के बंटवारे को लेकर असंतोष बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, आरोप लगाए जा रहे हैं कि संगठनात्मक नियुक्तियों में कथित रूप से एक गुट को प्राथमिकता दी गई, जबकि दूसरे गुट के समर्थकों को नजरअंदाज किया गया। जिले की राजनीति में लंबे समय से टी.एस. सिंहदेव और भूपेश बघेल समर्थक गुटों के बीच खींचतान की चर्चा होती रही है।
हालांकि, इस्तीफा देने वाले अधिकांश पदाधिकारी खुलकर कारण बताने से बचते नजर आ रहे हैं। एक महिला पदाधिकारी ने मीडिया से बातचीत में कहा,“मुझे इस पद की जिम्मेदारी देने से पहले मुझसे पूछा नहीं गया था। मुझे लगता है कि मैं अभी खुद को इस पद के लायक नहीं मानती हूं, इसलिए मैंने अपनी इच्छा से इस्तीफा दिया है। लेकिन मैं कांग्रेस की सिपाही हूं और हमेशा रहूंगी। मैंने केवल पद छोड़ा है, पार्टी नहीं।



