छत्तीसगढ़

CG- कुएं में मिली दो ग्रामीणों की लाश, साथी को बचाने गया शख्स खुद भी नहीं लौट सका जिंदा, इलाके में फैली सनसनी…..

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम काराबेल के मुड़ापारा में गहरे कुएं से दो ग्रामीणों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान अशोक बखला (45), पिता सिवमुन और कमल तिर्की (55), पिता बैगा तिर्की के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक ग्रामीण कुएं में गिर गया था। उसे बचाने के लिए दूसरे ग्रामीण ने भी कुएं में छलांग लगा दी। हालांकि, दोनों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम काराबेल के मुड़ापारा में बस्ती से दूर एक सुनसान इलाके में गहरा कुआं बना हुआ है। कुएं की मुंडेर भी ज्यादा ऊंची नहीं है। इसी कुएं में ग्रामीणों ने दो लोगों के शव तैरते हुए देखे।

कुआं बस्ती से दूर होने के कारण घटना की जानकारी तत्काल किसी को नहीं मिल सकी। बाद में ग्रामीणों की नजर शवों पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल सीतापुर पुलिस को सूचना दी।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ होगा, जब दोनों ग्रामीण अंधेरे में गांव घूमकर वापस लौट रहे थे। आशंका है कि इसी दौरान कमल तिर्की का पैर फिसल गया और वह कुएं में जा गिरा।

उसे कुएं में डूबता देखकर अशोक बखला ने बचाने के लिए छलांग लगा दी। लेकिन कुएं में पानी अधिक होने और दोनों को तैरना नहीं आने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके। देखते ही देखते दोनों की पानी में डूबने से मौत हो गई।

हालांकि, घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं होने के कारण हादसे की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, अशोक बखला और कमल तिर्की दिनभर साथ में घूम रहे थे। दोनों के शराब के नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सूचना मिलने पर सीतापुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को कुएं से बाहर निकलवाया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है। एक ही गांव के दो ग्रामीणों की एक साथ हुई मौत से परिवारों में शोक का माहौल है।

Related Articles

Back to top button