CG – दो सगी बहनों को बदनाम करने की रची साजिश : दो वाट्सएप और दो इंस्टाग्राम आईडी, दो बहनों का आपत्तिजनक फोटो कर रहा था पोस्ट, पुलिस ने आरोपी किया गिरफ्तार…..

कांकेर। सोशल मीडिया के जरिए दो सगी बहनों को बदनाम करने की साजिश रची गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामला कांकेर जिले का है। यह पूरा मामला चारामा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर कई फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई थीं।
इसके साथ ही उसने अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप भी तैयार किए थे, जिनके माध्यम से वह पीड़िताओं के आपत्तिजनक फोटो और अश्लील मैसेज वायरल कर रहा था। आरोपी का उद्देश्य दोनों बहनों की छवि को समाज में खराब करना था। पीड़िता ने थाना चारामा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने बताया कि उसका बहनोई मुकेश ठाकुर इस पूरी हरकत के पीछे है। पीड़िता के अनुसार, आरोपी लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और बदनाम करने की कोशिश कर रहा था।
शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध कायम किया और जांच शुरू की। हालांकि, मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए विशेष टीम का गठन किया, जिसमें थाना और साइबर सेल के अधिकारियों को शामिल किया गया।
पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुकेश ठाकुर (30 वर्ष), निवासी धनगांव, थाना डौंडीलोहारा, जिला बालोद के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इस घटना के बाद पुलिस ने आम नागरिकों, खासकर महिलाओं और युवतियों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर अज्ञात व्यक्तियों से दोस्ती करने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।



