CG-नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा-चिट्टा और नकली पिस्टल के साथ आरोपी गिरफ्तार…

डेस्क : दुर्ग जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खुर्शीपार और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3 किलो 630 ग्राम गांजा, 12.06 ग्राम चिट्टा, एक जर्मन मेड नकली पिस्टल, नगदी रकम और वाहन सहित कुल लाखों रुपये की सामग्री जब्त की है।
पहले मामले में पद्मनाभपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि ठगड़ा बांध पुल के नीचे रेलवे क्रॉसिंग के पास एक व्यक्ति गांजा रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान सूर्यदेव कोठारी उर्फ गोपा (26 वर्ष), निवासी कुंदरापारा, पोटियाकला, दुर्ग के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से सफेद बोरी में रखा 3 किलो 630 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक जर्मन मेड नकली पिस्टल मय मैगजीन, एक्टिवा वाहन और गांजा बिक्री की 17,500 रुपये नकद रकम भी जब्त की गई। बताया गया है कि आरोपी नकली पिस्टल का इस्तेमाल लोगों को डराने के लिए करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
चिट्टा बेचने के आरोप में भी कार्रवाई
दूसरी कार्रवाई खुर्शीपार थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर रोड पर नहर किनारे स्थित शिव मंदिर के पास अवैध रूप से हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। इस मामले में पी. तुलमा राव उर्फ चिंटू, हाउसिंग बोर्ड निवासी मोंटी अरोरा और 24 वर्षीय मोहम्मद आफताब की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है।
आरोपियों के कब्जे से 12.06 ग्राम चिट्टा और 2 लाख 41 हजार रुपये नकद सहित कुल 3 लाख 97 हजार 400 रुपये की सामग्री जब्त की गई। पुलिस की इन कार्रवाइयों को जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



