CG -प्रेम, विवाद और फिर खौफनाक मौत : देवर निकला भाभी का कातिल, इस वजह से उतारा मौत के घाट…..

बलौदाबाजार। शहर के सिविल लाइन इलाके में एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया था। जहां एक 28 वर्षीय महिला की उसके ही घर के पीछे बाड़ी में खून से लथपथ लाश थी। शुरुआती जांच में जो कहानी सामने आई है, वह रिश्तों के टूटते भरोसे, प्रेम प्रसंग और खूनी अंजाम की दास्तान बयां कर रही है। महिला की हत्या का आरोपी उसका देवर ही निकला, जिसने पुलिस की पूछताछ में भाभी की हत्या करना स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आज उसे घटना स्थल लेकर गई और घटना के बारे में पूरी जानकारी ली। फिर आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड में लिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने घटना के संबंध में बताया कि आरोपी युवक देवेंद्र ध्रुव का उसके भाभी पुष्पा ध्रुव के साथ प्रेम-संबंध था। दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद हाथापाई हुई। इस दौरान आरोपी ने अपनी भाभी को छत से धक्का दे दिया, जिससे वह नीचे गिर गई। ईंट-पत्थर से उसके चेहरे पर लगातार प्रहार किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी देवर दीवार कुदकर भाग निकला। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी देवर देवेन्द्र ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर रिमांड में लिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।



