CG – फिर उठी बादाम कांड की गूंज, कांड में नया खुलासा, महिला अधिकारी पर लगे ये गंभीर आरोप……

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित बादाम कांड में एक बार फिर नया मोड़ सामने आया है। जहां हाउसिंग बोर्ड की वरिष्ठ सहायक पूनम बंजारे का एक और विवादित वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस वीडियो में NOC जारी करने के बदले में पैसे मांगने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
महिला आवेदक और उसके बेटे को लंबे समय तक ऑफिस के चक्कर लगवाए गए। आरोप है कि एक से डेढ़ महीने तक एनओसी जानबूझकर लंबित रखी गई और इस दौरान पैसे की मांग की गई। महिला आवेदक अधिकारी से गुहार लगाते हुए कहती है – “मैडम गाली मत दो”, जबकि पूनम बंजारे कथित तौर पर गाली-गलौज करती दिखाई दे रही हैं।
वहीं आरोप लगने के बाद पूनम बंजारे ने वीडियो में सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने किसी प्रकार के पैसे की मांग नहीं की है। हालांकि इस दौरान ऑफिस परिसर में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली, जिससे माहौल गरमा गया।
यह पूरा मामला मार्च महीने के अंत का बताया जा रहा है। नामांतरण से जुड़े इस प्रकरण में आवेदक का आवेदन 17 मार्च 2025 से लंबित था।
बाद में 11 नवंबर 2025 को आदेश जारी होने के बावजूद आवेदक को लाभ नहीं मिल पाया, जिससे फाइल दबाकर रखने के आरोप और मजबूत हो गए हैं।
इससे पहले भी पूनम बंजारे पर लापरवाही के आरोप लग चुके हैं। लगभग एक साल पहले तरुण साहू नामक युवक ने फ्लैट खरीदा था, लेकिन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद विभाग उसकी फाइल नहीं खोज पाया। बार-बार ऑफिस के चक्कर लगाने के बाद भी समाधान न मिलने पर युवक ने अनोखे तरीके से विरोध जताया। उसने 500 ग्राम बादाम खरीदकर पूनम बंजारे की ऑफिस टेबल पर बिखेर दिए और अधिकारियों पर तंज कसते हुए फाइल खोजने की बात कही थी। फिर से पूनम बंजारे पर पैसे लेने का आरोप लगाया गया है।



