CG ब्रेकिंग : कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल EOW की हिरासत में, इस मामले में होगी पूछताछ, तीन साल से चल रहे थे फरार……

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग मामले में मुख्य आरोपी कांग्रेस नेता और पूर्व नान अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल बुधवार को आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) कार्यालय पहुंचे। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब तीन साल से फरार चल रहे थे। ईडी और EOW लंबे समय से उनकी तलाश कर रहे थे। और अब पूछताछ के लिए सामने आए हैं।
आपको बता दें कि प्रदेश कांग्रस के कोषाध्यक्ष रह चुके रामगोपाल अग्रवाल नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। चावल (कस्टम मिलिंग) घोटाले में समन जारी होने के बाद वह पहली बार जांच एजेंसी के सामने पेश हुए।
आपको बता दें कि EOW ने रामगोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव अग्रवाल से दो दिनों से पूछताछ चल रही है। मंगलवार को भी करीब छह घंटे तक वैभव से पूछताछ हुई थी। जानकारी है कि आज भी उनसे पूछताछ की जा रही है। इसी बीच रामगोपाल अग्रवाल भी EOW पहुंचे। माना जा रहा है कि जांच एजेंसी उनसे घोटालों से जुड़े वित्तीय लेन-देन, दस्तावेजों और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर सकती है।
रामगोपाल अग्रवाल का नाम राज्य के चर्चित शराब घोटाला, कोल लेवी घोटाला और कस्टम मिलिंग (चावल) घोटाला मामलों में सामने आया है। इन मामलों की जांच आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) अलग-अलग पहलुओं से कर रहे हैं।
फिलहाल EOW कार्यालय में रामगोपाल अग्रवाल से पूछताछ जारी है। एजेंसी पूछताछ के दौरान मिले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई का निर्णय लेगी। इस मामले पर राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर नजर बनी हुई है।



