CG ब्रेकिंग : नगर निगम परिसर में महापौर की नई इनोवा में लगी आग, मची अफरा-तफरी…

दुर्ग 27 अगस्त 2026। दुर्ग नगर निगम परिसर में आज गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब महापौर अलका बाघमार के इनोवा वाहन में अचानक आग लग गई। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। घटना के वक्त महापौर अपने चेंबर में मौजूद थीं और वाहन महापौर कक्ष के सामने खड़ा था। बताया जा रहा है कि महापौर के घर से निगम कार्यालय पहुंचने के बाद एकाएक कार के बोनट से धुंआ निकलने लगा। कार का चालक कुछ समझ पाता, तब तक सामने के हिस्से में आग भड़क गयी। गनीमत रही कि कार में आग महापौर के दौरे के दौरान नहीं लगी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के मुताबिक घटना आज सुबह की बतायी जा रही है, जब महापौर अलका बाघमार घर से निगम कार्यालय पहुंची थी। बताया जा रहा है कि निगम कार्यालय के सामने वाहन के पार्क होने के कुछ देर बार ही बोनेट से अचानक धुंआ और फिर आग की लपटें उठती दिखाई दीं। आग देखकर निगम कर्मचारियों और परिसर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग के फैलने की आशंका को देखते हुए वाहन के आसपास खड़ी दूसरी गाड़ियों को तत्काल वहां से हटवाया गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद करीब 12 बजे फायर ब्रिगेड की गाड़ी नगर निगम परिसर पहुंची, जिसके बाद आग बुझाने का काम शुरू किया गया। समय रहते आसपास खड़े अन्य वाहनों को हटाए जाने से बड़ा नुकसान टल गया। प्रारंभिक तौर पर वाहन में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। जिस इनोवा वाहन में आग लगी, उसे दुर्ग नगर निगम ने किराए पर लिया है। फिलहाल आग से वाहन को कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। घटना ने निगम परिसर में वाहनों की सुरक्षा और फायर सेफ्टी इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



